24 घंटे पहले युवती लगा रही थी ‘बचाओ-बचाओ’ की गुहार, आज पुलिस के सामने रोकर बोला आरोपी- माफ कर दो सर, गलती…

मेरठ के आबूलेन होटल में युवती की चीख-पुकार से मचे हंगामे के बाद पुलिस ने महज 24 घंटे में आरोपी सलमान को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसका एक वीडियो सामने आया है, जिसमें वह पुलिस के सामने रोते हुए माफी मांगता नजर आ रहा है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 26 November 2026, 9:36 AM IST

Meerut: मेरठ के आबूलेन होटल में लड़की की चीख-पुकार सुनकर सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई थी, उसी मामले में महज 24 घंटे के अंदर एक बड़ा खुलासा हुआ है। लड़की को बंधक बनाने और उसके साथ जबरदस्ती करने के आरोपी को पुलिस ने बुधवार को पकड़ लिया। गिरफ्तारी के बाद सामने आए वीडियो में आरोपी सलमान रोते हुए पुलिसवालों से माफी मांगता हुआ नजर आया। वह कहता हुआ सुना गया, 'गलती हो गई सर, मुझे माफ कर दीजिए।'

जान बचाने के लिए होटल से भागी लड़की

यह पूरा मामला मेरठ के सदर बाजार थाना क्षेत्र के आबूलेन स्थित एक होटल का है। 24 नवंबर को अचानक एक लड़की होटल से बाहर भागी और जोर-जोर से 'बचाओ, बचाओ' चिल्लाने लगी। तभी पीछे से एक युवक आया और उसे पकड़कर फिर से होटल के अंदर खींचने लगा।

लड़की की आवाज सुनकर आस-पास के दुकानदार और राहगीर मौके पर पहुंच गए। लोगों ने उसे बचाने के लिए होटल के अंदर जाने की कोशिश की, लेकिन आरोप है कि होटल स्टाफ ने उन्हें रोक दिया। भीड़ बढ़ती देख आरोपी होटल की छत पर पहुंचा और वहां से कूदकर भाग गया।

ये भी पढ़ें- Video: डिफेंडर में दूल्हे की एंट्री, गमछा लहराते छोटे सरकार, Anant Singh की मेजबानी ने जीता दिल, 8 किलोमीटर तक लगा जाम

लड़की ने लगाए गंभीर आरोप

पीड़िता गाजियाबाद की रहने वाली बताई जा रही है। उसने पुलिस को बताया कि आरोपियों ने उसे सोमवार से होटल में बंधक बनाकर रखा था। लड़की का आरोप है कि मौका मिलते ही वह बाहर निकली और लोगों से मदद मांगी, लेकिन आरोपियों ने उसे पकड़ने की कोशिश की।

पीड़िता ने आरोपी की पहचान कंकरखेड़ा निवासी सलमान के रूप में की है। उसके आरोपों में जबरन रोकने, रेप की कोशिश और शादी के लिए दबाव बनाने जैसी गंभीर बातें शामिल हैं। शिकायत मिलने के बाद पुलिस लड़की को सुरक्षित थाने ले गई और उसका बयान दर्ज किया।

घटना CCTV में कैद

घटना का बड़ा हिस्सा होटल में लगे CCTV कैमरों में रिकॉर्ड हो गया। वीडियो सामने आने के बाद मामला तेजी से चर्चा में आ गया। पुलिस ने फुटेज और लड़की की शिकायत के आधार पर जांच आगे बढ़ाई। होटल कर्मचारियों की भूमिका को लेकर लगाए गए आरोपों की भी जांच शुरू की गई।

पुलिस एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया सलमान

मेरठ पुलिस के मुताबिक, 25 नवंबर 2026 को लोहिया नगर पुलिस ने इस केस में वॉन्टेड 29 साल के सलमान को नरहेड़ा गांव के पास बन रहे अंडरपास के पास घेर लिया। पुलिस का दावा है कि घिरने पर आरोपी ने टीम पर फायरिंग की और भागने की कोशिश की।

ये भी पढ़ें- बेटी की शादी में 4 लाख मेहमानों का जश्न, लेकिन खुद प्यार के लिए बिहार छोड़ भागे थे अनंत सिंह; मंदिर में रचाई थी शादी

इस दौरान वह पुल से नीचे गिर गया। उसके दाहिने पैर और बाएं हाथ में चोट लगी। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर इलाज के लिए पीएल शर्मा डिस्ट्रिक्ट हॉस्पिटल भेजा। पुलिस के मुताबिक, उसके पास से एक गैर-कानूनी .315 बोर की पिस्टल, एक जिंदा कारतूस और एक चला हुआ कारतूस बरामद हुआ है।

गिरफ्तारी के बाद रोता हुआ दिखा आरोपी

गिरफ्तारी के बाद जारी वीडियो में सलमान पुलिसवालों के सामने रोता हुआ और माफी मांगता हुआ दिख रहा है। वीडियो में वह कहता हुआ सुनाई दे रहा है, 'सर, गलती हो गई, माफ कर देना, दोबारा गलती नहीं होगी।' पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ मेरठ और गाजियाबाद के अलग-अलग थानों में केस भी दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस लड़की के आरोपों, होटल के CCTV फुटेज, स्टाफ की भूमिका और गिरफ्तारी के दौरान हुई मुठभेड़ से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

Location :  Meerut

Published :  26 November 2026, 9:36 AM IST