
15वें फ्लोर की खोखली दीवारें एक्सपोज (Img- Instagram)
Greater Noida: लाखों-करोड़ों रुपये खर्च कर चमचमाती हाईराइज सोसायटियों में आशियाना खरीदने वाले खरीदारों के लिए ग्रेटर नोएडा से एक आंखें खोल देने वाली खबर सामने आई है। मिगसन सोसाइटी के 15वें फ्लोर पर रहने वाले एक शख्स का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
मन्नी तंवर नाम के यूजर द्वारा शेयर किए गए इस वीडियो में देखा जा सकता है कि जैसे ही शख्स 15वें माले की बालकनी में लगी लोहे की रेलिंग को छूता है, वह ताश के पत्तों की तरह हिलने लगती है। 15वें फ्लोर से नीचे का खौफनाक मंजर दिखाते हुए पीड़ित ने बिल्डर की घटिया कंस्ट्रक्शन क्वालिटी और भारी लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
वीडियो में युवक केवल हिलती हुई रेलिंग ही नहीं दिखाता, बल्कि अपने फ्लैट की खोखली और टूटी हुई दीवारों की बदतर हालत भी उजागर करता है। वह आक्रोश में कहता नजर आ रहा है कि "बिल्डर लोगों की जिंदगियों के साथ सरेआम खेल रहा है। इतना कमजोर और घटिया फ्लैट बनाकर बेच दिया गया है कि कभी भी कोई बड़ा हादसा हो सकता है।"
इतनी ऊंचाई पर कमजोर रेलिंग और घटिया दीवारें किसी भी वक्त भारी तबाही की वजह बन सकती हैं, जिसे लेकर सोसाइटी के अन्य निवासियों में भी दहशत का माहौल है।
यह वीडियो वायरल होते ही इंटरनेट पर कमेंट्स की बाढ़ आ गई है और लोग बिल्डरों की मनमानी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। एक यूजर ने तंज कसते हुए लिखा, "जब बिल्डर स्विमिंग पूल और गार्डेन दे रहा है, तो फिर सुरक्षा की क्या जरूरत है?"
बैरियर लगाकर हो रही थी पैसों की वसूली! बदायूं में ट्रैफिक पुलिसकर्मी का वीडियो वायरल
वहीं एक अन्य यूजर ने सलाह देते हुए लिखा कि "फ्लैट्स में लाखों रुपये फंसाने से तो हजार गुना बेहतर है कि अपनी जमीन खरीदकर खुद मजबूत घर बनवा लो।" इस वीडियो ने एक बार फिर दिल्ली-एनसीआर में बिल्डरों द्वारा दिए जाने वाले घटिया निर्माण और खरीदारों की सुरक्षा के मुद्दे को गरमा दिया है।
Location : Greater Noida
Published : 1 October 2026, 3:30 PM IST