एक कुत्ते के आगे फीका पड़ा दूल्हे-दुल्हन का प्यार, मंडप में पालतू जानवर की वजह से टूट गई शादी

यूपी के फतेहपुर में शादी उस वक्त टूट गई जब दूल्हे पक्ष के युवक ने दुल्हन के पालतू कुत्ते को पीट दिया। मामूली बहस मारपीट में बदल गई और मामला थाने तक पहुंचा। दुल्हन ने शादी से इनकार कर दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल है।

Post Published By: सौम्या सिंह
Updated : 21 February 2026, 11:51 AM IST

Fatehpur: शादी के सीजन में जहां खुशियों और उत्सव का माहौल रहता है, वहीं कभी-कभी छोटी सी बात बड़ा विवाद खड़ा कर देती है। ऐसा ही एक मामला उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले से सामने आया है, जहां एक शादी फेरे से ठीक पहले टूट गई। वजह बनी दुल्हन का पालतू कुत्ता, जिसे दूल्हे पक्ष के एक युवक ने कथित रूप से पीट दिया। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और इस पर जमकर बहस छिड़ी हुई है।

खागा कोतवाली क्षेत्र के गेस्ट हाउस में हुआ हंगामा

जानकारी के अनुसार यह घटना खागा कोतवाली क्षेत्र के एक गेस्ट हाउस की बताई जा रही है। दुल्हन का परिवार प्रयागराज से आया था, जबकि दूल्हा पक्ष बारात लेकर कार्यक्रम स्थल पर पहुंचा था। शुरुआती शादी की रस्में शांतिपूर्वक संपन्न हो गई थीं और माहौल सामान्य था। मेहमानों के बीच उत्साह का वातावरण था और फेरे की तैयारी चल रही थी।

NH-48 पर साइनबोर्ड में घुसी थार? जानें क्या है Viral Video की सच्चाई

कुत्ते के भौंकने पर बढ़ा विवाद

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दुल्हन का पालतू कुत्ता कुछ दूरी पर बंधा हुआ था। शादी की रस्मों के दौरान वह भौंकने लगा, जिससे दूल्हे पक्ष के एक युवक को आपत्ति हुई। आरोप है कि उसने गुस्से में आकर कुत्ते को पीट दिया। यह देखकर दुल्हन पक्ष ने कड़ा विरोध जताया। मामूली कहासुनी देखते ही देखते झगड़े में बदल गई और दोनों पक्षों के बीच हाथापाई शुरू हो गई।

बताया जा रहा है कि हंगामा इतना बढ़ गया कि लाठी-डंडे और कुर्सियां तक चलने लगीं। दुल्हन पक्ष के दो से तीन लोगों के सिर में चोट आई, जबकि दूल्हे पक्ष के भी एक-दो लोग घायल हुए। मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया और शादी की रस्में रोकनी पड़ीं।

पुलिस पहुंची, घायलों को अस्पताल भेजा गया

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में लिया। घायलों को नजदीकी अस्पताल में इलाज के लिए भेजा गया। पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया। अगले दिन दोनों परिवार थाने पहुंचे, जहां पूछताछ की गई।

इसी दौरान दुल्हन ने साफ शब्दों में कहा कि वह अब यह शादी नहीं करना चाहती। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच आपसी सहमति से लेनदेन में दिए गए उपहार और नकदी वापस कर दी गई। हालांकि किसी भी पक्ष ने औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई और मामला समझौते के साथ खत्म हो गया।

रुकी सांसें… आईसीयू में 30 मिनट की जंग के बाद दिखा ऐसा नजारा कि सब रह गए सन्न, आप भी देखिये Viral Video

सोशल मीडिया पर छिड़ी तीखी बहस

घटना का वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर बहस छिड़ गई है। कई यूजर्स ने दुल्हन के फैसले का समर्थन किया और कहा कि यदि शादी से पहले ही पालतू जानवर के साथ ऐसा व्यवहार किया जा रहा है, तो आगे हालात और खराब हो सकते थे। वहीं कुछ लोगों का मानना है कि इतनी छोटी बात पर शादी तोड़ना जल्दबाजी का फैसला हो सकता है।

कई कमेंट्स में यह भी लिखा गया कि रिश्ते आपसी सम्मान और व्यवहार पर टिके होते हैं, गुस्से पर नहीं। वहीं कुछ यूजर्स ने कहा कि मामला आपसी सहमति से सुलझ जाना ही बेहतर रहा। फिलहाल यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और लोगों के बीच संवेदनशीलता, पशु प्रेम और रिश्तों में सम्मान को लेकर नई बहस छेड़ दी है।

Location : 
  • Fatehpur

Published : 
  • 21 February 2026, 11:51 AM IST