झपटने चला था मोबाइल, खुद खिड़की पर टंग गया! भागलपुर का हैरान करने वाला वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

यात्री ने जैसे ही पकड़ा हाथ, चलती ट्रेन की खिड़की पर लटक गया युवक! आगे जो हुआ, उसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 13 October 2026, 7:30 PM IST

Bihar: बिहार के भागलपुर जिले के शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर मोबाइल झपटमारी की कोशिश का एक वीडियो सामने आया है। बताया जा रहा है कि एक युवक ने चलती ट्रेन की खिड़की से यात्री का मोबाइल फोन छीनने की कोशिश की। इसी दौरान यात्री ने उसका हाथ पकड़ लिया, जिसके बाद युवक ट्रेन की खिड़की के सहारे लटक गया। ट्रेन आगे बढ़ती रही और युवक काफी देर तक खिड़की के साथ घिसटता रहा।

चलती ट्रेन के साथ घिसटता रहा युवक

जानकारी के मुताबिक, शिवनारायणपुर रेलवे स्टेशन पर ट्रेन के गुजरने के दौरान युवक ने खिड़की के पास बैठे यात्री का मोबाइल छीनने का प्रयास किया। हालांकि, यात्री ने उसका हाथ पकड़ लिया। इसके बाद युवक खुद को छुड़ाने की कोशिश करता रहा, लेकिन वह ट्रेन की खिड़की के सहारे लटका रहा।

इस दौरान युवक लोगों से उसे छोड़ देने की गुहार लगाता दिखाई दिया। ट्रेन आगे बढ़ती रही और युवक प्लेटफॉर्म के छोर के पास तक घिसटता चला गया। आखिरकार उसका हाथ छूट गया और वह नीचे गिर पड़ा।

भागलपुर में शादी करने निकलीं दो युवतियों से बदसलूकी, वायरल वीडियो का खौफनाक सच आया सामने, एक गिरफ्तार

घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

घटना के दौरान ट्रेन में मौजूद किसी व्यक्ति ने अपने मोबाइल फोन से वीडियो बना लिया। अब यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो सामने आने के बाद चलती ट्रेन और रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की सुरक्षा को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

कर्मा-धर्मा पर्व की खुशियां पलभर में मातम में बदलीं, भागलपुर में जलमग्न खेत में डूबने से छह बच्चों की दर्दनाक मौत

युवक की हालत और कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी नहीं

चलती ट्रेन से लटकना और फिर नीचे गिरना युवक के लिए जानलेवा साबित हो सकता था। वहीं, मोबाइल झपटमारी की ऐसी कोशिश यात्रियों की सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा करती है। हालांकि, युवक की पहचान, उसे कितनी चोटें आईं और मामले में क्या कानूनी कार्रवाई की गई, इसकी विस्तृत आधिकारिक जानकारी फिलहाल उपलब्ध नहीं है।

Location :  Bihar

Published :  13 October 2026, 7:30 PM IST