Video: निचलौल-गोरखपुर मार्ग पर यूपी रोडवेज की चलती बस में शराब-बिरयानी पार्टी! महिला यात्रियों के सामने गंदी हरकत

उत्तर प्रदेश की एक रोडवेज बस का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। दावा है कि सफर के दौरान दो युवक खुलेआम शराब पीते नजर आए, जबकि बस में महिलाएं, बच्चे और अन्य यात्री भी मौजूद थे। वीडियो सामने आने के बाद परिवहन व्यवस्था और सुरक्षा को लेकर कई सवाल उठ रहे हैं।

Post Published By: Subhash Raturi
Updated : 21 June 2026, 7:01 PM IST

Gorakhpur: उत्तर प्रदेश की रोडवेज बसों में यात्रियों की सुरक्षा और नियमों के पालन को लेकर एक बार फिर बहस छिड़ गई है। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि गोरखपुर से निचलौल जा रही रोडवेज बस में दो युवक खुलेआम शराब पीते नजर आए।

वीडियो में दिखाई दे रहा है कि बस यात्रियों से भरी हुई है। महिलाओं, बच्चों और परिवारों की मौजूदगी के बीच दोनों युवक सीट पर आराम से बैठे हैं। उनके सामने खाने-पीने का सामान रखा हुआ है। वीडियो में वे बिरयानी खाते, शराब की बोतल निकालते, पैग बनाते और फिर शराब पीते दिखाई दे रहे हैं। उनके हावभाव देखकर ऐसा लगता है मानो बस नहीं बल्कि कोई निजी पार्टी चल रही हो।

इस घटना ने रोडवेज बसों की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। लोगों का कहना है कि अगर बस में इस तरह खुलेआम शराबखोरी हो रही थी तो चालक और परिचालक ने इसे रोकने की कोशिश क्यों नहीं की। वहीं कई सोशल मीडिया यूजर्स ने इस पर नाराजगी जताते हुए कार्रवाई की मांग की है।

हालांकि वायरल वीडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। लेकिन वीडियो सामने आने के बाद सार्वजनिक परिवहन में अनुशासन और यात्रियों की सुरक्षा को लेकर चर्चा तेज हो गई है।

Location :  Gorakhpur

Published :  21 June 2026, 7:00 PM IST