सोनभद्र में शर्मनाक वारदात: बकाया फीस पर 12वीं के छात्र की पिटाई, मां ने लगाया आरोप; देखें Video

सोनभद्र के एक चर्चित प्राइवेट स्कूल में फीस बकाया होने पर 12वीं के छात्र की प्रधानाचार्य द्वारा डंडे से पिटाई का गंभीर मामला सामने आया है। छात्र की मां ने कोतवाली पुलिस से लेकर DM और SP तक न्याय की गुहार लगाई, पर कार्रवाई नहीं हुई। आरोप है कि स्कूल एक प्रभावशाली नेता से जुड़ा है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 26 November 2025, 1:14 PM IST

Sonbhadra: सोनभद्र के सदर कोतवाली क्षेत्र स्थित एक प्रतिष्ठित प्राइवेट स्कूल में फीस बकाया को लेकर 12वीं के छात्र की बेरहमी से पिटाई का मामला गंभीर रूप से उभरकर सामने आया है। पीड़ित छात्र की मां, विभा जायसवाल के अनुसार, 14 नवंबर को स्कूल के प्रधानाचार्य ने उसके बेटे यश जायसवाल को कथित रूप से डंडे से इतनी बुरी तरह पीटा कि वह स्कूल में ही बेहोश होकर गिर पड़ा।

विभा ने बताया कि आर्थिक तंगी के चलते वह दो माह से फीस जमा नहीं कर सकी थी, जिसके कारण प्रधानाचार्य उसके पुत्र को पहले भी छात्रों के सामने अपमानित करते थे। परंतु उस दिन स्थिति हिंसा तक पहुंच गई। बेहोश हुए छात्र को मां स्वयं स्कूल से लेकर सदर कोतवाली पहुंची, जहां उसने आरोपी प्रधानाचार्य के खिलाफ तहरीर दी और मेडिकल कराने की मांग की, लेकिन पुलिस कर्मियों ने मेडिकल करवाने से इनकार कर दिया। स्थानीय पुलिस की अनदेखी के बाद पीड़िता ने 17 नवंबर को जिलाधिकारी और 20 नवंबर को पुलिस अधीक्षक को पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई। आरोप है कि स्कूल एक सपा नेता से जुड़ा है, जिसके कारण पुलिस कोई कदम नहीं उठा रही। पीड़िता ने चेतावनी दी है कि आवश्यकता पड़ी तो वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मिलकर न्याय मांगेगी।

Location :  Sonbhadra

Published :  26 November 2025, 1:14 PM IST