हिंदी
Maharajganj: सिसवा कस्बे के वार्ड नंबर 15 कबीर नगर स्थित एक निजी अस्पताल में ऑपरेशन से प्रसव के दौरान एक 35 वर्षीय महिला की रक्तस्राव से मृत्यु हो गई। जिसके बाद आक्रोशित परिजनों ने शुक्रवार सुबह अस्पताल के सामने जमकर हंगामा और प्रदर्शन किया। सूचना मिलने पर पहुंची कोठीभार पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और कानूनी कार्रवाई शुरू की।
मृतका बबली पति अनिल चौहान निवासी ग्रामसभा परसिया, विकास खंड सिसवा की है। गुरुवार देर रात करीब 12 बजे प्रसव पीड़ा होने पर बबली को सिसवा के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जिसके बाद चिकित्सकों ने ऑपरेशन से बच्चे का जन्म कराया, लेकिन ऑपरेशन के तुरंत बाद बबली को अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। मृतका की ननद पुष्पा ने बताया कि बबली की हालत बिगड़ने पर अस्पताल संचालक ने उन्हें आनन-फानन में एम्बुलेंस बुलाकर मेडिकल कॉलेज गोरखपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज पहुंचते ही अस्पताल के जिम्मेदार लोग वहां से फरार हो गए। मृतका के परिजनों ने बताया कि बबली की मृत्यु सिसवा के निजी अस्पताल में ही हो चुकी थी, और अस्पताल प्रबंधन ने अपनी लापरवाही छिपाने के लिए उन्हें रेफर कर दिया।
Location : Maharajganj
Published : 7 November 2025, 6:35 PM IST