Video: दरवाजा नहीं खुला तो हुआ शक, अंदर मिला रिटायर्ड फौजी दंपति का खौफनाक मंजर

हाथरस के सादाबाद में रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी की धारदार हथियार से हत्या कर दी गई। दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ मिले। पुलिस ने पांच टीमें जांच में लगाई हैं।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 28 September 2026, 1:53 PM IST

हाथरस: उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में एक सनसनीखेज दोहरे हत्याकांड का मामला सामने आया है। कोतवाली सादाबाद क्षेत्र में अज्ञात हमलावरों ने एक रिटायर्ड फौजी और उनकी पत्नी की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। दोनों के शव घर के अंदर खून से लथपथ हालत में मिलने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, फॉरेंसिक टीम और अन्य जांच टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घर का दरवाजा नहीं खुला तो हुआ शक

जानकारी के मुताबिक, यह घटना कोतवाली सादाबाद क्षेत्र के मोहल्ला इस्लामनगर में ताज बॉडी के पास बने मकान की है।

बताया जा रहा है कि 58 वर्षीय रिटायर्ड फौजी शमशुद्दीन अपनी पत्नी सद्दो के साथ यहां रहते थे। रविवार सुबह करीब 9:30 बजे तक जब घर का मुख्य दरवाजा नहीं खुला तो आसपास के लोगों को अनहोनी की आशंका हुई।

पड़ोसियों ने परिजनों की मदद से दरवाजा खुलवाया, जिसके बाद अंदर का दृश्य देखकर सभी के होश उड़ गए।

फर्श पर पड़े थे खून से लथपथ शव

घर के अंदर रिटायर्ड फौजी शमशुद्दीन और उनकी पत्नी सद्दो के शव खून से लथपथ हालत में मिले।

प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों की हत्या किसी धारदार हथियार से की गई है। घटना के बाद बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और इलाके में दहशत का माहौल बन गया।

फॉरेंसिक, डॉग स्क्वॉयड और सर्विलांस टीम जांच में जुटी

सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। फॉरेंसिक टीम ने मौके से जरूरी साक्ष्य जुटाए।

इसके अलावा डॉग स्क्वॉयड और सर्विलांस टीम को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके।

खुलासे के लिए पांच टीमें गठित

हाथरस के एसपी चिरंजीवी नाथ सिन्हा ने बताया कि रविवार सुबह सादाबाद कस्बे से बुजुर्ग दंपति के घर में मृत मिलने की सूचना मिली थी।

उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया धारदार हथियार से हत्या किए जाने की बात सामने आ रही है। घटना के खुलासे के लिए पांच पुलिस टीमों का गठन किया गया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।

Location :  Hathras

Published :  28 September 2026, 1:53 PM IST