उत्तराखंड का मौसम बदला: ऊंची चोटियों पर हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार, मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ी

पश्चिमी हिमालय क्षेत्र में सक्रिय कमजोर पश्चिमी विक्षोभ के कारण उत्तराखंड के मौसम में बदलाव देखा जा रहा है। दून में ठंडी हवाओं से ठिठुरन बढ़ी है, जबकि उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ में ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 14 December 2025, 7:53 AM IST

Dehradun: पश्चिमी हिमालय क्षेत्र पर एक कमजोर पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है, जिसका प्रभाव उत्तराखंड के मैदानी और पर्वतीय क्षेत्रों में साफ नजर आने लगा है। राजधानी देहरादून समेत आसपास के इलाकों में दोपहर बाद आंशिक बादल छाए रहे, जबकि शाम होते-होते सर्द हवाओं ने लोगों की ठिठुरन बढ़ा दी। मौसम में आए इस बदलाव से अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, हालांकि न्यूनतम तापमान सामान्य से कुछ ऊपर बना हुआ है।

सुबह बादल, दोपहर में खिली धूप

दून और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही आसमान में आंशिक बादल मंडराते नजर आए। इसके चलते सुबह के समय हल्की ठंडक बनी रही। हालांकि दोपहर के समय अधिकांश क्षेत्रों में चटख धूप खिल गई, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली। पर्वतीय इलाकों में भी दिनभर धूप और बादलों की आंख-मिचौनी चलती रही, लेकिन शाम ढलते ही ठंडी हवाओं ने मौसम को फिर से सर्द बना दिया।

दिल्ली NCR में की हवा में घुला जहर, GRAP-4 लागू; स्थिति गंभीर

पर्वतीय जिलों में बदलेगा मौसम का मिजाज

मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के असर से आज पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम का मिजाज बदला रह सकता है। रविवार को उत्तरकाशी, चमोली और पिथौरागढ़ जिलों के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना जताई गई है। खासतौर पर इन जिलों में 3500 मीटर और उससे अधिक ऊंचाई वाली चोटियों पर बर्फ गिर सकती है। इससे ऊंचाई वाले इलाकों में ठंड और बढ़ने के आसार हैं।

पहाड़ों पर बर्फबारी के आसार (Img- Internet)

अन्य जिलों में मौसम रहेगा शुष्क

हालांकि उत्तराखंड के शेष जिलों में मौसम शुष्क बने रहने का अनुमान है। मैदानी क्षेत्रों में फिलहाल किसी तरह की वर्षा की संभावना नहीं जताई गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले एक-दो दिनों तक प्रदेश के अधिकतर हिस्सों में मौसम की स्थिति लगभग ऐसी ही बनी रह सकती है।

तापमान में दर्ज किया गया बदलाव

मौसम में आए इस बदलाव का असर तापमान पर भी देखने को मिला है। दून समेत कई इलाकों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जबकि न्यूनतम तापमान सामान्य से ऊपर रहा। इससे दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम ठंड का अहसास बना हुआ है।

प्रदेश के प्रमुख शहरों का तापमान

प्रदेश के प्रमुख शहरों में तापमान की स्थिति पर नजर डालें तो देहरादून में अधिकतम तापमान 23.4 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8.8 डिग्री दर्ज किया गया। ऊधम सिंह नगर में दिन का तापमान अपेक्षाकृत अधिक रहा, जहां अधिकतम 26.0 डिग्री और न्यूनतम 6.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।

पर्वतीय क्षेत्र मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 16.9 डिग्री और न्यूनतम 4.5 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि नई टिहरी में दिन का अधिकतम तापमान 16.4 डिग्री और रात का न्यूनतम तापमान 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

UP Weather Update: यूपी में सर्दी का कहर, जानिए इन जिलों में कैसे रहेगा तापमान

आगामी दिनों में सतर्क रहने की सलाह

मौसम विभाग ने पर्वतीय क्षेत्रों में यात्रा करने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। ऊंचाई वाले इलाकों में अचानक मौसम बदलने से ठंड और फिसलन बढ़ सकती है। वहीं, मैदानी इलाकों में सुबह और शाम के समय गर्म कपड़े पहनने की जरूरत महसूस की जा रही है।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 14 December 2025, 7:53 AM IST