
विकासनगर नगर पालिका में जनगणना 2027 प्रशिक्षण (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Vikasnagar: देश की आगामी जनगणना 2027 को सुव्यवस्थित और सटीक बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में आज नगर पालिका परिषद विकासनगर में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया। इस बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी जनगणना की रूपरेखा तैयार करना और फील्ड में काम करने वाले कर्मचारियों को तकनीकी रूप से सक्षम बनाना रहा। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी (EO) ने बताया कि जनगणना 2027 एक ऐतिहासिक और पूर्णतः डिजिटल प्रक्रिया होगी, जिसके सफल क्रियान्वयन के लिए ब्लॉक और नगर स्तर पर सूक्ष्म योजना बनाई जा रही है।
जनगणना की जटिलताओं और नए डिजिटल फॉर्मेट को समझाने के लिए नगर पालिका में तीन दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम की शुरुआत की गई है। इस प्रशिक्षण के दौरान प्रगणकों (Enumerators) और पर्यवेक्षकों को मोबाइल ऐप के माध्यम से डेटा एकत्र करने की बारीकियां सिखाई जा रही हैं। अधिशासी अधिकारी के अनुसार, इस बार की जनगणना में कागज के बजाय मोबाइल एप्लिकेशन का उपयोग किया जाएगा, जिससे डेटा की प्रमाणिकता बढ़ेगी और गणना में लगने वाले समय में कमी आएगी। प्रशिक्षण में नगर पालिका के कर्मचारियों को हर घर की लिस्टिंग और बुनियादी सुविधाओं के मिलान का अभ्यास कराया जा रहा है।
यूपी कैबिनेट का बड़ा फैसला: शिक्षामित्रों-अनुदेशकों के मानदेय में बढ़ोतरी, जानें और क्या-क्या बदला…
बैठक में यह भी स्पष्ट किया गया कि जनगणना के पहले चरण (हाउसलिस्टिंग) के बाद जिला जनगणना हस्तपुस्तिका (DCHB) तैयार करने का काम शुरू होगा। इसके तहत शहर के प्रत्येक वार्ड में मौजूद नागरिक सुविधाओं जैसे- स्कूल, अस्पताल, सड़क, बिजली और पानी के कनेक्शन का बारीक विवरण जुटाया जाएगा। यह डेटा 31 दिसंबर 2025 की स्थिति के आधार पर तैयार किया जाएगा। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने निर्देश दिए हैं कि डेटा संकलन में पूरी पारदर्शिता बरती जाए ताकि भविष्य की सरकारी योजनाओं के लिए सटीक आधार मिल सके।
गौरतलब है कि आजादी के बाद की यह आठवीं जनगणना पूरी तरह से डिजिटल होगी। इसमें पहली बार नागरिकों को 'सेल्फ-एन्युमरेशन' (स्वयं गणना) का विकल्प भी दिया जाएगा। विकासनगर नगर पालिका में आयोजित इस बैठक में जोर दिया गया कि तकनीकी समस्याओं से बचने के लिए मास्टर ट्रेनर्स की मदद ली जा रही है। प्रशिक्षण के समापन के बाद, फील्ड वर्कर निर्धारित समय सीमा के भीतर वार्डवार डेटा कलेक्शन का काम शुरू करेंगे। बैठक में नगर पालिका के विभिन्न विभागों के अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित रहे।
Location : Vikasnagar
Published : 7 April 2026, 3:50 PM IST