

उत्तराखंड में मानसून के कमजोर पड़ने के बाद तापमान में वृद्धि हुई है। देहरादून में अधिकतम तापमान 35 डिग्री तक पहुंच गया है। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ दिनों में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन सात जिलों में हल्की बौछारों की संभावना है।
उत्तराखंड मौसम अपडेट (सोर्स- इंटरनेट
Dehradun: उत्तराखंड में मानसून के कमजोर पड़ने के बाद मौसम में भारी बदलाव देखने को मिला है। पिछले तीन दिनों से राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में तापमान में लगातार वृद्धि हो रही है। राजधानी देहरादून में अधिकतम तापमान 35 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया, जो सामान्य से पांच डिग्री सेल्सियस ज्यादा है। वहीं, न्यूनतम तापमान भी सामान्य से तीन डिग्री अधिक रहा। इसके कारण गर्मी की स्थिति और भी बेहाल कर देने वाली हो गई है।
मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, अगले कुछ दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में मौसम शुष्क रहेगा। हालांकि, देहरादून समेत सात जिलों में हल्की बौछारों के आसार हैं। मंगलवार को आसमान साफ रहने के कारण दोपहर के समय तेज धूप और उमस ने लोगों को परेशान कर दिया। राज्य के अन्य जिलों में भी तेज धूप का असर देखने को मिला है।
उत्तराखंड भाजपा की कार्यकारिणी पर सवाल: समीर आर्य का आरोप, अनुसूचित जाति का प्रतिनिधित्व कम
राज्य के अन्य इलाकों की बात करें तो ऊधमसिंह नगर में अधिकतम तापमान 35.8 डिग्री, न्यूनतम 24.6 डिग्री सेल्सियस, जबकि मुक्तेश्वर में अधिकतम तापमान 24.4 डिग्री और न्यूनतम 14.4 डिग्री सेल्सियस रहा।
इस बीच, मानसून की विदाई का सिलसिला भी तेज हो रहा है। अगले कुछ दिनों में दिल्ली, हिमाचल और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों से मानसून विदा हो सकता है। इसके बाद उत्तराखंड में भी मानसून की वापसी की संभावना जताई जा रही है।
उत्तराखंड में फिर से भारी बारिश की चेतावनी, 7 दिनों के लिए अलर्ट जारी, जानें आज का मौसम अपडेट
मौसम विभाग के मुताबिक, अगले एक या दो दिन में देहरादून, नैनीताल, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की वर्षा और गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं। बाकी जिलों में तेज धूप जारी रहने का अनुमान है।
मौसम विभाग के अनुसार, आज देहरादून, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, पिथोरागढ़ और नैनीताल में हल्की वर्षा या बौछार हो सकती है। शेष प्रदेश में मौसम शुष्क रहेगा। सीएम पुष्कर सिंह धामी ने सभी विभागों के अधिकारियों को मौसम को लेकर सतर्क रहने का निर्देश दिया है। राहत की बात है कि कोई विशेष चेतावनी जारी नहीं की गई है।