
पहाड़ों पर बर्फ (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Uttarakhand: उत्तराखंड में मौसम ने एक बार फिर करवट ले ली है। राज्य के मैदानी इलाकों में जहां घना कोहरा और भीषण ठंड लोगों की मुश्किलें बढ़ा रहा है, वहीं ऊंचाई वाले पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश और बर्फबारी के संकेत मिलने लगे हैं। मौसम विज्ञान केंद्र, देहरादून ने आज प्रदेश के कई जिलों के लिए कोहरे, शीत दिवस और बारिश-बर्फबारी को लेकर अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार उत्तराखंड के मैदानी जिलों में घने कोहरे का प्रभाव लगातार बना हुआ है। देहरादून, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, रुड़की और ऋषिकेश जैसे इलाकों में पिछले कई दिनों से कोहरे की मोटी चादर छाई हुई है। हालात ऐसे हैं कि सुबह के समय दृश्यता कई स्थानों पर 50 मीटर से भी कम दर्ज की जा रही है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने कुछ जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया है और लोगों को सावधानी बरतने की सलाह दी है।
मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक आज मैदानी इलाकों में कोहरे का येलो अलर्ट रहेगा, जबकि पर्वतीय क्षेत्रों में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना जताई गई है। अगले दो से तीन दिनों के दौरान मौसम में फिर बदलाव देखने को मिल सकता है, जिससे ठंड और बढ़ सकती है।
मौसम विभाग का कहना है कि 27 दिसंबर के बाद उत्तराखंड में बारिश की गतिविधियों में और इजाफा हो सकता है। खासतौर पर चमोली, उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ जिलों में बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया गया है। वहीं 3500 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने के आसार हैं। दूसरी ओर नैनीताल, हरिद्वार, उधम सिंह नगर, चंपावत और पौड़ी जिलों में घने कोहरे को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
राजधानी देहरादून में आज मौसम मुख्यतः साफ से आंशिक रूप से बादल छाए रहने का अनुमान है। सुबह के समय कुहासा छाया रह सकता है। यहां अधिकतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 9 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। रविवार को लगातार तीन दिनों तक कोहरा, धुंध और शीत दिवस के बाद लोगों को हल्की राहत जरूर मिली, जब दिन में कुछ समय के लिए धूप खिली। हालांकि ठंड का असर अब भी बरकरार है। बीते दिन देहरादून के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की बढ़ोतरी दर्ज की गई।
Uttarakhand Weather: सर्दी में इज़ाफा, अब कब होगी बारिश? जानिए मौसम का ताजा अपडेट
रविवार को देहरादून का अधिकतम तापमान 22.4 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। उधम सिंह नगर में अधिकतम तापमान 20.4 डिग्री और न्यूनतम 5.5 डिग्री रहा। वहीं नई टिहरी में अधिकतम तापमान 16.5 डिग्री और न्यूनतम तापमान 7.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र ने संकेत दिए हैं कि अगले दो से तीन दिनों में मौसम फिर करवट ले सकता है। हरिद्वार और उधम सिंह नगर में कोहरे का असर जारी रहेगा, जबकि उत्तरकाशी, चमोली, रुद्रप्रयाग और पिथौरागढ़ में हल्की बारिश और ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फबारी की संभावना बनी हुई है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और मौसम अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है।
Location : Uttarakhand
Published : 22 December 2025, 8:05 AM IST