
उत्तराखंड की स्कूल टाइमिंग में बड़ा अपडेट (Image Source: Google)
Dehradun: उत्तराखंड में गर्मी के बढ़ते प्रकोप और हीट वेव की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने स्कूलों के समय में महत्वपूर्ण बदलाव किया है। पहले जहां विद्यालय दोपहर 2:05 बजे तक संचालित हो रहे थे, अब उन्हें केवल दोपहर 1 बजे तक ही चलाया जाएगा। यह निर्णय छात्रों और शिक्षकों दोनों को राहत देने के उद्देश्य से लिया गया है।
प्रदेश में एक अप्रैल 2026 से लागू की गई नई समयसारिणी को लेकर लंबे समय से विरोध चल रहा था। लगातार बढ़ती गर्मी के कारण स्कूलों में लंबे समय तक पढ़ाई करना मुश्किल हो रहा था, जिससे बच्चों की सेहत पर भी असर पड़ने की आशंका जताई जा रही थी।
शिक्षामंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने समयसारिणी में संशोधन के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। इस बदलाव के बाद अब विद्यालयों का संचालन दोपहर 1 बजे तक ही किया जाएगा। यह निर्णय राजकीय शिक्षक संघ और अन्य शिक्षक संगठनों की लगातार मांग के बाद लिया गया है।
गोरखपुर में चोरी का मास्टरमाइंड गिरफ्तार, दो बाल अपचारी भी पकड़े गए
शिक्षक संगठनों का कहना है कि मौजूदा गर्मी और लू के हालात में स्कूलों का लंबे समय तक संचालन बच्चों और शिक्षकों दोनों के लिए मुश्किल भरा था। कई स्थानों पर छात्रों के स्वास्थ्य पर भी असर की शिकायतें मिल रही थीं।
राजकीय शिक्षक संघ के प्रांतीय महामंत्री रमेश पैन्यूली ने बताया कि शिक्षा मंत्री के साथ हुई बातचीत के बाद यह निर्णय लिया गया है। इसके लिए आवश्यक फाइल माध्यमिक शिक्षा निदेशक को भेज दी गई है और जल्द ही आधिकारिक आदेश जारी होने की संभावना है।
स्कूलों के समय में बदलाव के साथ-साथ शिक्षा विभाग में अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर भी काम तेज किया जा रहा है। अटल उत्कृष्ट विद्यालयों में शिक्षकों की पदस्थापना को लेकर भी जल्द आदेश जारी किए जाएंगे। करीब आठ सौ से अधिक चयनित शिक्षकों की तैनाती अब तक अटकी हुई थी, जिसे लेकर प्रक्रिया को आगे बढ़ाया जा रहा है। इसके साथ ही सातों श्रेणियों में स्थानांतरण प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने की योजना है।
जबलपुर क्रूज हादसा: मौत का आंकड़ा बढ़कर 11… सर्च ऑपरेशन में मिले दो मासूम बच्चों के शव
राजकीय शिक्षक संघ ने यात्रा अवकाश के मुद्दे पर भी अपर सचिव वित्त से बातचीत की है। इस पर भी जल्द आदेश जारी होने की उम्मीद जताई जा रही है।
इसके अलावा शिक्षक संघ के प्रांतीय अधिवेशन की तैयारियां भी शुरू हो गई हैं, जिसे इसी महीने आयोजित करने की संभावना है। कुल मिलाकर शिक्षा विभाग में कई अहम फैसले एक साथ आगे बढ़ रहे हैं, जिनका सीधा असर राज्य के शिक्षकों और छात्रों पर देखने को मिलेगा।
Location : Dehradun
Published : 2 May 2026, 8:50 PM IST