एक के बाद एक पलटे दो टेंपो ट्रैवलर! नैनीताल मार्ग पर ऐसा क्या हुआ कि मच गई चीख-पुकार?

नैनीताल के कालाढूंगी मार्ग पर रविवार शाम कुछ ऐसा हुआ, जिसने वहां मौजूद लोगों को झकझोर कर रख दिया। अचानक हालात बिगड़े और देखते ही देखते अफरा-तफरी मच गई। कई लोग घायल हुए और घटनास्थल पर चीख-पुकार गूंज उठी। आखिर कैसे एक के बाद एक दो वाहन हादसे का शिकार हो गए?

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 6 April 2026, 1:23 PM IST

Nainital: कालाढूंगी-नैनीताल मार्ग पर रविवार देर शाम एक दर्दनाक हादसे ने सभी को चौंका दिया। प्रिया बैंड के पास एक टेंपो ट्रैवलर अचानक अनियंत्रित होकर पलट गया, जिससे उसमें सवार पर्यटकों में हड़कंप मच गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, वाहन के ब्रेक अचानक फेल हो गए, जिसके चलते चालक नियंत्रण खो बैठा और वाहन पहाड़ी से टकराकर सड़क पर ही उलट गया।

हादसे के बाद मचा हड़कंप

हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। वाहन में सवार कई लोग घायल हो गए, जिनमें से कुछ को गंभीर चोटें आईं। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत राहत और बचाव कार्य शुरू किया और घायलों को बाहर निकालने में मदद की।

दूसरा वाहन भी हुआ दुर्घटनाग्रस्त

घटना की गंभीरता तब और बढ़ गई जब पहले वाहन के पीछे आ रहा दूसरा टेंपो ट्रैवलर भी अचानक अनियंत्रित होकर सड़क किनारे पलट गया। इससे उसमें बैठे यात्री भी चोटिल हो गए। एक ही स्थान पर दो वाहनों के पलटने से हालात और बिगड़ गए और इलाके में चीख-पुकार मच गई।

नैनीताल के पहाड़ों में अचानक मची चीख-पुकार, 17 सैलानी हादसे का शिकार, पलटा टेम्पो ट्रैवलर

कुल 28 यात्री थे सवार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, दोनों टेंपो ट्रैवलरों में कुल 28 लोग सवार थे। सभी पर्यटक नैनीताल घूमने के बाद गाजियाबाद लौट रहे थे। हादसे में दो यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जबकि अन्य को हल्की चोटें आई हैं।

राहत और बचाव कार्य हुआ जारी

सूचना मिलते ही कालाढूंगी पुलिस और एंबुलेंस टीम मौके पर पहुंची। घायलों को तत्काल नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। गंभीर रूप से घायल दो लोगों को बेहतर इलाज के लिए हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया है।

भीड़ से जाम, महंगाई से परेशान; पर्यटकों के लिए मुश्किल बना नैनीताल

जांच में जुटी पुलिस

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में ब्रेक फेल होना हादसे का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि वाहन की तकनीकी जांच कर अन्य संभावित कारणों की भी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल, डॉक्टरों की निगरानी में सभी घायलों का इलाज जारी है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

Location :  Nainital

Published :  6 April 2026, 1:23 PM IST