हिंदी
राजस्व उपनिरीक्षक से समाजसेवी बने ताराचंद (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Nainital: जनपद नैनीताल में लंबे समय तक राजस्व उपनिरीक्षक के पद पर सेवाएं देने वाले ताराचंद घिल्डियाल ने 22 वर्षों की सरकारी सेवा के बाद स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति (वीआरएस) लेकर समाज सेवा के क्षेत्र में सक्रिय भूमिका निभाने का निर्णय लिया है। उन्होंने बताया कि वर्ष 2013 से वह नैनीताल में राजस्व उपनिरीक्षक के रूप में कार्यरत थे और 30 अप्रैल 2026 को उनका सेवानिवृत्ति आवेदन स्वीकृत हो गया।
सेवानिवृत्ति के बाद अपने भविष्य की योजनाओं को साझा करते हुए ताराचंद घिल्डियाल ने कहा कि अब उनका पूरा ध्यान सामाजिक सरोकारों और जनजागरूकता पर केंद्रित रहेगा। उन्होंने बताया कि वह पहले से ही “नेकी की दीवार” संस्था के माध्यम से सामाजिक कार्यों में सक्रिय रहे हैं, जिसे अब और व्यापक रूप दिया जाएगा।
Uttarakhand News: अवैध निर्माण पर विकास प्राधिकरण सख्त, निर्माणाधीन भवन को किया सील
इसी क्रम में उन्होंने ‘नेकी प्रहरी विंग’ की शुरुआत की घोषणा की। इस विंग के तहत विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक बूथ स्तर पर प्रहरी संयोजक नियुक्त किए जाएंगे। ये संयोजक अपने-अपने क्षेत्रों की समस्याओं को चिन्हित कर उन्हें संबंधित स्तर तक पहुंचाने का कार्य करेंगे, जिससे स्थानीय मुद्दों का प्रभावी समाधान संभव हो सके।
घिल्डियाल ने बताया कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य शिक्षा, स्वास्थ्य, संस्कृति और सामाजिक जागरूकता को बढ़ावा देना है। उनका मानना है कि जमीनी स्तर पर कार्य करने से वास्तविक समस्याओं को समझना और उनके समाधान की दिशा में ठोस कदम उठाना आसान हो जाता है।
उन्होंने विशेष रूप से राजनीतिक जागरूकता की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा कि वर्तमान समय में मतदाताओं को अपने अधिकारों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही को समझना बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा कि अक्सर जनता अपने प्रतिनिधियों को चुनने के बाद उनसे जुड़े वादों की समीक्षा नहीं कर पाती, जिससे जवाबदेही की कमी बनी रहती है।
‘नेकी प्रहरी विंग’ के माध्यम से विधानसभा स्तर पर राजनीतिक जागरूकता कार्यक्रम चलाए जाएंगे। इसके तहत जनता से फीडबैक लिया जाएगा और उसे जनप्रतिनिधियों एवं सरकार तक पहुंचाया जाएगा, ताकि वे अपने कार्यों में आवश्यक सुधार कर सकें।
ताराचंद घिल्डियाल ने कहा कि वर्तमान सरकार के कार्यकाल के कुछ महीने शेष हैं, ऐसे में यह पहल जनता की अपेक्षाओं को पूरा करने में सहायक हो सकती है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनका मुख्य उद्देश्य समाज और प्रशासन के बीच बेहतर संवाद स्थापित करना है, जिससे एक जागरूक और जिम्मेदार समाज का निर्माण हो सके।
Location : Nainital
Published : 6 May 2026, 4:06 PM IST