अब डॉक्टरों की कमी ज्यादा दिन नहीं रहेगी, उत्तराखंड में 252 नए चिकित्सकों की नियुक्ति पूरी! जानिए मरीजों को कैसे मिलेगी राहत

उत्तराखंड के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को लेकर बड़ी अपडेट सामने आई है। स्वास्थ्य विभाग ने 252 नए डॉक्टरों की नियुक्ति प्रक्रिया पूरी होने और करीब 200 के कार्यभार संभालने की जानकारी दी है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 12 August 2026, 8:00 PM IST

Nainital: स्वास्थ्य सचिव विनय शंकर पांडे ने नैनीताल स्थित बीडी पांडे अस्पताल का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने अस्पताल में मरीजों को मिल रही सुविधाओं, चिकित्सकों की उपलब्धता और व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इस दौरान उन्होंने प्रदेश के सरकारी अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी को लेकर विभाग की तैयारियों की जानकारी भी साझा की।

तीन से चार महीने में दिखेगा सुधार

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि राज्य में चिकित्सकों की कमी को दूर करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं और अगले तीन से चार महीनों में स्थिति में काफी सुधार देखने को मिलेगा। प्रदेश में डॉक्टरों के 2909 पद स्वीकृत हैं, जबकि वर्तमान में करीब 2500 चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं।

उन्होंने बताया कि मेडिकल बोर्ड के माध्यम से हाल ही में 252 नए डॉक्टर प्रदेश को मिले हैं। इनमें चिकित्सा अधिकारी और विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं। करीब 200 डॉक्टर अब तक कार्यभार ग्रहण कर चुके हैं। नई नियुक्तियों के बाद डॉक्टरों की कमी घटकर लगभग 400 से 450 पदों तक रह गई है।

ये भी पढ़ें- Bagaha News: चुलाई शराब तस्करी के दो दोषियों को 5 साल की सजा, अदालत ने लगाया एक लाख रुपये का जुर्माना

बाहरी माध्यमों से हो रही चिकित्सकों की नियुक्ति

चिकित्सा महाविद्यालयों में सहायक प्राध्यापकों की कमी दूर करने के लिए भी 422 डॉक्टरों के चयन की प्रक्रिया चल रही है। इसके अलावा जरूरत के अनुसार बाहरी माध्यम से चिकित्सकों की नियुक्ति की जा रही है। 60 वर्ष की आयु में सेवानिवृत्त होने वाले डॉक्टरों को भी पांच साल तक चिकित्सकीय सेवाएं देने की अनुमति दी जा रही है।

क्या बोले स्वास्थ्य सचिव?

स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री के निर्देशों के अनुरूप चिकित्सकों की उपलब्धता बढ़ाने की रणनीति तैयार की गई है। सरकार का प्रयास है कि अस्पतालों में पर्याप्त डॉक्टर उपलब्ध हों और मरीजों को इलाज के लिए परेशान न होना पड़े।

ये भी पढ़ें- सालों से अटकी थीं फाइलें, SDM ने 10 दिन में कर दिया काम! 752 जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के मामलों का निस्तारण

उन्होंने अस्पतालों की स्थानीय स्तर पर निगरानी को भी जरूरी बताया। मुख्य चिकित्सा अधीक्षकों और जिला स्तर पर गठित समितियों को अस्पतालों की व्यवस्थाओं पर लगातार नजर रखने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने कहा कि अस्पतालों से जुड़ी समस्याओं का समाधान पहले जिला स्तर पर ही किया जाना चाहिए।

भवाली सेनेटोरियम अस्पताल समेत पुराने अस्पतालों से जुड़े मामलों पर स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि संबंधित स्थिति से न्यायालय को अवगत कराया जा चुका है। इन मामलों में जल्द आगे की प्रगति सामने आने की उम्मीद है।

Location :  Nainital

Published :  12 August 2026, 7:57 PM IST