उत्तराखंड विधानसभा सत्र बढ़ाने की उठी आवाज, सरकार क्या देगी जवाब? पढ़ें पूरी खबर

परवादून जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन भेजकर उत्तराखंड विधानसभा का बजट सत्र कम से कम तीन सप्ताह का बुलाने की मांग की है। कांग्रेस नेताओं ने प्रभावी प्रश्नकाल, कानून व्यवस्था, महिला सुरक्षा, आपदा और बेरोजगारी जैसे मुद्दों पर व्यापक चर्चा की आवश्यकता बताई।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 13 February 2026, 6:32 PM IST

Dehradun: परवादून जिला कांग्रेस कमेटी ने आगामी उत्तराखंड विधानसभा बजट सत्र को कम से कम तीन सप्ताह तक संचालित करने की मांग उठाई है। इस संबंध में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नाम एक ज्ञापन डोईवाला उपजिलाधिकारी के माध्यम से प्रेषित किया गया। कांग्रेस नेताओं का कहना है कि प्रदेश के ज्वलंत मुद्दों पर गंभीर चर्चा के लिए लंबा और प्रभावी सत्र आवश्यक है।

प्रश्नकाल को प्रभावी बनाने पर जोर

ज्ञापन में विशेष रूप से यह मांग की गई कि बजट सत्र के दौरान कम से कम तीन सोमवार ऐसे निर्धारित किए जाएं, जिनमें प्रश्नकाल आयोजित हो। परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि मुख्यमंत्री को स्वयं अपने अधीन विभागों से जुड़े प्रश्नों का उत्तर सदन में देना चाहिए। इससे सरकार की जवाबदेही सुनिश्चित होगी और लोकतांत्रिक परंपराएं मजबूत होंगी।

कम अवधि के सत्र पर उठे सवाल

कांग्रेस नेताओं ने कहा कि अन्य राज्यों की तुलना में उत्तराखंड विधानसभा के सत्र कम अवधि के लिए बुलाए जाते हैं। इससे जनता से जुड़े अहम मुद्दों पर पर्याप्त चर्चा नहीं हो पाती। प्रदेश में बिगड़ती कानून व्यवस्था, महिलाओं पर बढ़ते अपराध, वन्यजीव हमलों से हो रही जनहानि, पेयजल संकट, आपदा पीड़ितों के पुनर्वास में देरी और सरकारी जमीनों की नीलामी जैसे विषयों पर गंभीर विमर्श जरूरी है।

Char Dham Yatra 2026: उत्तराखंड में चारधाम यात्रा की तैयारियां तेज, DM ने बैठक में दिए ये अहम निर्देश

कानूनों में संशोधन की मांग

मोहित उनियाल ने यह भी कहा कि उत्तर प्रदेश कालीन कानूनों और नियमावलियों में आवश्यक संशोधन कर उत्तराखंड की परिस्थितियों के अनुरूप नए और प्रभावी कानून बनाए जाने चाहिए। उनका मानना है कि राज्य गठन के वर्षों बाद भी कई पुराने कानून लागू हैं, जिनमें बदलाव समय की मांग है।

सरकार को जवाबदेह बनने की सलाह

डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने कहा कि सरकार को जनता के सवालों से बचने के बजाय सदन में जवाब देना चाहिए। लोकतंत्र की मजबूती के लिए आवश्यक है कि विधानसभा में जनहित के मुद्दों पर खुली और सार्थक बहस हो।

पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोज नौटियाल और कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल ने प्रदेश में बढ़ते अपराध और भ्रष्टाचार पर चिंता जताई। उन्होंने आपदा, बेरोजगारी और महंगाई जैसे विषयों पर सरकार से ठोस नीति प्रस्तुत करने की मांग की।

अंकिता भंडारी हत्याकांड: उत्तराखंड में फिर गरमाई सियासत, मुख्यमंत्री से मांगा इस्तीफा, सिर्फ 15 दिनों का अल्टीमेट

जनआंदोलन की चेतावनी

कांग्रेस नेताओं ने स्पष्ट किया कि यदि विधानसभा सत्र को पर्याप्त अवधि और गंभीरता के साथ संचालित नहीं किया गया तो पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से जनआंदोलन करने के लिए बाध्य होगी।

इस अवसर पर परवादून कांग्रेस जिलाध्यक्ष मोहित उनियाल, डोईवाला ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व ब्लॉक अध्यक्ष मनोज नौटियाल, कांग्रेस प्रदेश सचिव सागर मनवाल सहित कई अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 13 February 2026, 6:32 PM IST