Udham Singh Nagar: वनकर्मियों को ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलने की कोशिश, बाल-बाल बचे, जानिये क्या है मामला

ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज में खनन माफिया ने गश्त कर रही वन विभाग की टीम पर हमला कर दिया, वन दरोगा की वर्दी फाड़ डाली और उनसे गाली-गलौज किया। इतना ही नहीं, वन विभाग की टीम को ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलने की कोशिश भी की।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 20 February 2026, 4:04 PM IST

Udham Singh Nagar: राज्य में खनन को राजस्व का बड़ा स्रोत अवश्य बताया जाता रहा है, लेकिन तस्वीर का दूसरा पहलू यह भी है कि खनन माफिया की ओछी हरकतों का खामियाजा आम लोगों को भुगतना पड़ता है। अब तो उनके हौसले इतने बुलंद हो चुके हैं कि वे अपने रास्ते का रोड़ा बनने वाले सरकारी कर्मचरियों तक को नहीं बख्श रहे हैंं।

ऊधमसिंह नगर जिले के सितारगंज में तो खनन माफिया ने वह कर डाला जिसे सुनकर लोग भयभीत हैं। यहां रनसाली रेंज में गश्त कर रही वन विभाग की टीम पर खनन माफियाओं ने हमला कर दिया। उन्हें ट्रैक्टर-ट्राॅली से कुचलने का प्रयास किया। वन दरोगा की वर्दी फाड़ डाली। उनसे गाली-गलौज और मारपीट की। मामले में पुलिस ने तीन अज्ञात सहित पांच लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।

Rahul Gandhi ने Sultanpur Court में दर्ज कराया ये बयान, इस डेट को होगी अगली सुनवाई

क्या है मामला

वन दरोगा नंद किशोर पांडे के अनुसार बुधवार को वे वन आरक्षी शक्ति सिंह, वन बीट अधिकारी भूपेंद्र कुमार और सूरज सिंह कार्की के साथ आरक्षित वन क्षेत्र में गश्त कर रहे थे। गश्त के दौरान जब वे कैलाश नदी के किनारे पहुंचे, तो वहां आरक्षित वन क्षेत्र में तीन ट्रैक्टर ट्रॉलियों में अवैध रूप से खनन सामग्री भरी जा रही थी।

पांडे के मुताबिक जब उन्होंने खनन माफियाओं से खनन से संबंधित कागजात दिखाने को कहा, तो वह कागजात नहीं दिखा सके। जब वे उप खनिज से भरे ट्रैक्टर-ट्राली को अपने साथ ले जाने लगे, तो गांव साधुनगर निवासी एक व्यक्ति व उसके पुत्र सहित तीन अज्ञात लोगों ने वन विभाग की टीम के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

उन्हें ट्रैक्टर-ट्राली से कुचलने का प्रयास किया। उन्होंने आरोप लगाया कि मारपीट में अभियुक्तों ने वन दरोगा की वर्दी फाड़ दी। साथ ही, उन्हें एससी, एसटी एक्ट के तहत झूठे केस में फंसाने की धमकी दी।

Udham Singh Nagar: मां के कारण दो साल की बच्ची को जाना पड़ा जेल, जानिये क्या है मामला

जांच शुरू

इस मामले में रेंजर महेंद्र सिंह रैकुनी का कहना है कि आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध खनन नहीं होने दिया जाएगा। यदि कोई पट्टाधारक आरोपियों को राॅयल्टी देगा तो पट्टाधारक के खिलाफ भी कार्रवाई के लिए उच्चाधिकारियों को पत्र लिखा जाएगा। वहीं, सीओ बीएस धौनी का कहना है कि वन दरोगा की तहरीर पर बाप-बेटे सहित तीन लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। मामले की विवेचना की जा रही है।

Location : 
  • Udham Singh Nagar

Published : 
  • 20 February 2026, 4:04 PM IST