
सरकारी प्लांटेशन में लगी आग
Doiwala: उत्तराखंड़ के डोईवाला नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड 15 स्थित नियामवाला इलाके में सुसवा नदी किनारे विकसित किए गए सरकारी प्लांटेशन में आग लगने का मामला सामने आया है। यह आग संदिग्ध परिस्थितियों में लगी, जिससे क्षेत्र में लगाए गए सैकड़ों पौधे प्रभावित हो गए। घटना के बाद स्थानीय लोगों में नाराजगी और चिंता का माहौल है।
स्थानीय निवासियों का कहना है कि यह प्लांटेशन हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से तैयार किया गया था। यहां कई प्रकार के पौधे लगाए गए थे, जिनमें शीशम, बांस, कचनार, आंवला, जामुन, सागौन और कनक चंपा जैसे पेड़ शामिल थे। आग लगने से इन पौधों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे पर्यावरण संरक्षण की कोशिशों को झटका लगा है।
घटना की जानकारी मिलते ही वार्ड सभासद रियासत अली मोंटी के नेतृत्व में स्थानीय लोगों ने राहत कार्य शुरू किया। आग के प्रभाव को कम करने के लिए पानी के टैंकर मंगवाए गए और पौधों को बचाने का प्रयास किया गया। स्थानीय नागरिकों ने भी मिलकर आग पर काबू पाने में सहयोग किया।
Road Accident in UP: बलरामपुर में तीन मांओं की गोद सूनी, मचा कोहराम
सभासद ने घटना पर नाराजगी जताते हुए इसे असामाजिक तत्वों की हरकत बताया। उन्होंने संबंधित विभागों में शिकायत दर्ज कराते हुए दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सरकारी प्लांटेशन में आग लगाना केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि सरकारी संसाधनों की बर्बादी भी है।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलते ही पालिका अध्यक्ष के साथ मौके का निरीक्षण किया गया। शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ कि आगजनी से पौधे और बढ़ते पेड़ प्रभावित हुए हैं। मामले की गंभीरता को देखते हुए वन विभाग और पुलिस प्रशासन को पत्र भेजकर संयुक्त कार्रवाई की मांग की गई है।
डोईवाला के नियामवाला क्षेत्र में सुसवा नदी किनारे बने सरकारी प्लांटेशन में संदिग्ध आगजनी से सैकड़ों पेड़ प्रभावित हुए। स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश है। राहत कार्य के तहत टैंकरों से पानी डालकर आग पर काबू पाने की कोशिश की गई। प्रशासन, वन विभाग और पुलिस को मामले की जानकारी देकर… pic.twitter.com/uCq2x6wPiF
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 29, 2026
रायबरेली सड़क हादसा: कार और बाइक की टक्कर में 4 घायल, दो की हालत गंभीर
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में ऐसी घटनाएं दोहराई जा सकती हैं। इस घटना ने पर्यावरण संरक्षण और सरकारी संपत्ति की सुरक्षा को लेकर कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
Location : Doiwala
Published : 29 April 2026, 5:31 PM IST