रक्षामंत्री राजनाथ सिंह के 21 मार्च के दौरे को देखते हुए प्रशासन ने मैदान से पहाड़ तक सख्त ट्रैफिक प्लान लागू किया है। भारी वाहनों पर रोक, बसों के रूट बदले और कई क्षेत्रों को जीरो जोन घोषित किया गया है। जनता से वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की गई है।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह (File Photo)
Haldwani: हल्द्वानी में 21 मार्च को होने वाले रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के दौरे को देखते हुए पुलिस और प्रशासन ने शहर को पूरी तरह व्यवस्थित रखने के लिए व्यापक ट्रैफिक प्लान लागू कर दिया है। कार्यक्रम के दौरान हजारों लोगों की आवाजाही और वीवीआईपी मूवमेंट के मद्देनजर पूरे हल्द्वानी, काठगोदाम, भवाली और भीमताल तक विस्तृत डायवर्जन लागू रहेंगे।
जनता को किसी असुविधा से बचाने के लिए हर मुख्य मार्ग, फ्लाईओवर और तिराहे पर अस्थायी दिशा बदलाव किए गए हैं, जो सुबह 10 बजे से कार्यक्रम समाप्ति तक प्रभावी रहेंगे। भारी वाहनों पर पाबंदी इससे पहले सुबह 7 बजे से ही शुरू हो जाएगी।
रक्षा मंत्री के आगमन को ध्यान में रखते हुए हल्द्वानी शहर में भारी माल वाहनों की पूरी तरह से एंट्री रोक दी गई है। खनन गेट बंद रहेंगे और आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी बाईपास का उपयोग अनिवार्य रूप से करना होगा। रोडवेज और निजी बसों के लिए नए मार्ग तय किए गए हैं, ताकि शहर के मध्य क्षेत्र में भीड़ या जाम जैसी स्थिति न बने।
पर्वतीय क्षेत्रों से आने वाली बसों को नारीमन तिराहा, गोलापार रोड और तीनपानी फ्लाईओवर होते हुए रोडवेज स्टेशन लाया जाएगा, जबकि स्टेशन से वापस पर्वतीय रूट पर जाने वाली बसें ताज चौराहा, गोलापुल और नारीमन से होकर भेजी जाएंगी।
सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद हल्द्वानी में हलचल! प्रशासन ने शुरू किया घर-घर अभियान
सिडकुल और निजी बसें लालडाट और तीनपानी बाईपास के आसपास से ही वापस भेजी जाएंगी, ताकि मुख्य शहर मार्ग खाली रहे। छोटे वाहनों के लिए भी अलग अलग मार्ग निर्धारित किए गए हैं। बरेली रोड और रामपुर रोड से पर्वतीय इलाकों की ओर जाने वाले वाहन गोलापार और नारीमन तिराहा होकर भेजे जाएंगे। अगर कोई वाहन शहर में प्रवेश कर जाता है, तो उसे मंडी तिराहा से शनि बाजार, इन्द्रानगर कट और फिर गोलापार की तरफ डायवर्ट किया जाएगा।
कालाढूंगी रोड और नैनीताल रोड से आने वाले वाहनों को मंगोली, ऊंचापुल, पनचक्की और कॉलटैक्स जैसे वैकल्पिक मार्गों से निकाला जाएगा, ताकि मुख्य शहर मार्ग वीआईपी मूवमेंट के लिए साफ बना रहे।
प्रशासन ने शहर के कई इलाकों को जीरो जोन घोषित किया है। नैनीताल बैंक तिराहा से सौरव होटल तिराहा तक किसी भी वाहन की एंट्री पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। इसी प्रकार, तिकोनिया, कलावती चौराहा, कुल्यालपुरा और सरस्वती रेस्टोरेंट के आसपास के मार्ग भी बंद रहेंगे। इन क्षेत्रों में पड़ने वाले सभी कटों पर पुलिस की कड़ी तैनाती रहेगी और किसी भी वाहन को मुख्य मार्ग में प्रवेश नहीं करने दिया जाएगा।
रक्षा मंत्री की जनसभा में आने वाली बसों के लिए अलग रूट प्लान तैयार किया गया है। बरेली रोड से आने वाली बसें तीनपानी फ्लाईओवर और सिंधी चौराहा होते हुए तिकोनिया पहुंचेंगी, जहां कार्यकर्ताओं को उतारकर बसों को गांधी इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्क किया जाएगा। रामपुर रोड की बसें आईटीआई तिराहा, सिटी चौराहा और रोडवेज होते हुए एचएन इंटर कॉलेज ग्राउंड में पार्क होंगी।
काशीपुर, रामनगर और कालाढूंगी की ओर से आने वाली बसें लालडाट और मुखानी चौराहा होते हुए पनचक्की क्षेत्र में यात्रियों को उतारेंगी और फिर निर्धारित पार्किंग स्थल सेंट केट हार्ट स्कूल, केएनवीएन की पार्किंग या रावत पार्किंग में खड़ी की जाएंगी। भीमताल, नैनीताल, चोरगलिया, सितारगंज और खटीमा दिशा से आने वाली बसों को नारीमन तिराहा, कॉलटैक्स और हाईडिल तिराहा होते हुए आवास विकास तिराहा पर उतारने का निर्देश दिया गया है।
दूसरे चरण में भवाली, भीमताल और कैंची धाम क्षेत्र के लिए विशेष रूट लागू रहेगा। हल्द्वानी की ओर से पर्वतीय इलाकों में जाने वाले भारी और छोटे वाहन ज्यौलीकोट, गेठिया और भवाली बाईपास से होकर भेजे जाएंगे। इसी तरह, पर्वतीय क्षेत्रों से शहर की ओर आने वाले वाहनों को भी उसी मार्ग पर डायवर्ट किया जाएगा। पिथौरागढ़ और चंपावत से आने वाले वाहनों को वीवीआईपी मूवमेंट से 15 मिनट पहले खुटानी बैंड पर रोक दिया जाएगा और कार्यक्रम के बाद ही आगे बढ़ने दिया जाएगा।
भीमताल मार्ग को कार्यक्रम के दौरान पूरी तरह बंद रखा जाएगा और घोड़ाखाल क्षेत्र से हल्द्वानी आने वाले वाहनों को ज्यौलीकोट मार्ग से भेजा जाएगा। प्रशासन का कहना है कि वीवीआईपी के कार्यक्रम स्थल पर पहुंचते ही यातायात सामान्य किया जाएगा। उच्चाधिकारियों के वाहनों की पार्किंग घोड़ाखाल सैनिक स्कूल के भोजनालय के पास बनाई गई है, जबकि आम जनता के वाहनों के लिए घोड़ाखाल मंदिर के पास स्थित मैदान को पार्किंग स्थल घोषित किया गया है।