
देहरादून में नकल गैंग का खुलासा
Dehradun: इस वक्त उत्तराखंड से एक बड़ी खबर सामने आ रही है। जहां शुक्रवार 13 फरवरी 2026 को थाना कोतवाली जनपद देहरादून में मेरठ यूनिट की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) और उत्तराखंड STF की संयुक्त कार्रवाई से एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बता दें कि टीम ने SSC द्वारा आयोजित MTS प्रतियोगी परीक्षा में नकल कराने वाले गैंग के दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान नीतीश कुमार पुत्र चंद्रभान गॉड, निवासी ग्राम सुरजीपुर, पोस्ट भाटपाररानी, जनपद देवरिया (उत्तर प्रदेश) और भास्कर नैथानी पुत्र दिनेश चंद्र नैथानी, निवासी मोहल्ला सरस्वतीपुरम लेन नंबर-4, पोस्ट नाथवाला, जनपद देहरादून (उत्तराखंड) के रूप में हुई है।
जांच में सामने आया कि एड्यूक्विटी कंपनी द्वारा आयोजित SSC MTS भर्ती परीक्षा के परीक्षा केंद्र महादेव डिजिटल जोन, देहरादून में मास्टर कंप्यूटर लगाकर सुनियोजित तरीके से नकल कराई जा रही थी। आरोपी कंप्यूटर हैकिंग के जरिए परीक्षार्थियों को बाहरी सहायता उपलब्ध करा रहे थे।
बरामद किया गया सामान
STF के अनुसार, आरोपी लोकल नेटवर्किंग के माध्यम से प्रॉक्सी सर्वर सेटअप कर रिमोट एक्सेस के जरिए परीक्षा प्रणाली में हस्तक्षेप कर रहे थे। इस तकनीकी सेटअप के माध्यम से प्रश्नों के उत्तर बाहर से उपलब्ध कराए जा रहे थे।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चार मोबाइल फोन, दो लैपटॉप और एक इंटरनेट राउटर बरामद किया है। जब्त उपकरणों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है ताकि नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की पहचान की जा सके।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। STF अब इस रैकेट से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश में जुटी है।
Location : Dehradun
Published : 14 February 2026, 10:39 AM IST