रुद्रप्रयाग में रुद्रनाथ महोत्सव 2026 का भव्य आगाज़, संस्कृति और आस्था से सजा नगर, सात दिन चलेगा कार्यक्रम

रुद्रप्रयाग में रुद्रनाथ महोत्सव 2026 का भव्य शुभारंभ हुआ। जिलाधिकारी ने सांस्कृतिक रैली को हरी झंडी दिखाई। यह शीतकालीन महोत्सव 7 से 13 जनवरी तक चलेगा, जिसमें लोक संस्कृति, पर्यटन और जनकल्याणकारी योजनाओं का संगम देखने को मिलेगा।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 7 January 2026, 5:01 PM IST

Rudraprayag: जनपद रुद्रप्रयाग के पौराणिक, आध्यात्मिक और ऐतिहासिक रुद्रनाथ महोत्सव 2026 का गुरुवार को भव्य, रंगारंग और उत्साहपूर्ण शुभारंभ किया गया। जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने नगर क्षेत्र में आयोजित सांस्कृतिक रैली को हरी झंडी दिखाकर महोत्सव का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर पूरा नगर लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और धार्मिक आस्था के रंगों में रंगा नजर आया।

पेट्रोल पंप तिराहा से गुलाबराय मैदान तक निकली रैली

महोत्सव के शुभारंभ पर आयोजित भव्य सांस्कृतिक रैली पेट्रोल पंप तिराहा से प्रारंभ होकर गुलाबराय मैदान तक निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में स्कूली छात्र-छात्राएं, महिला मंगल दल, युवा मंगल दल, स्थानीय कलाकार और नगरवासी शामिल हुए। रैली के माध्यम से उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति और पारंपरिक परंपराओं की सुंदर झलक देखने को मिली।

पारंपरिक वेशभूषा और लोकसंस्कृति ने मोहा मन

रैली में प्रतिभागियों ने पारंपरिक उत्तराखंडी परिधान धारण किए हुए थे। ढोल-दमाऊ, रणसिंगा और मसकबीन जैसे पारंपरिक वाद्य यंत्रों की मधुर धुनों पर कलाकारों ने आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। पूरे मार्ग में लोक संगीत की गूंज और रंग-बिरंगी झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

Rudraprayag News: आपदा से पहले अलर्ट मोड में प्रशासन, रुद्रप्रयाग में हुआ खास अभ्यास

झांकियों में दिखा रुद्रनाथ और शिव परंपरा का सजीव चित्रण

सांस्कृतिक रैली के दौरान प्रस्तुत झांकियों में भगवान शिव के रुद्र अवतार, रुद्रनाथ धाम की महिमा तथा जनपद की धार्मिक, आध्यात्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं का सजीव चित्रण किया गया। ये झांकियां रैली का मुख्य आकर्षण रहीं और लोगों ने उत्साहपूर्वक उनका स्वागत किया।

7 से 13 जनवरी तक चलेगा शीतकालीन महोत्सव

इस अवसर पर जिलाधिकारी प्रतीक जैन ने कहा कि नगर पालिका रुद्रप्रयाग क्षेत्र अंतर्गत रुद्रनाथ महोत्सव 7 से 13 जनवरी 2026 तक गुलाबराय मैदान में आयोजित किया जाएगा। यह महोत्सव शीतकालीन महोत्सव के रूप में मनाया जा रहा है, जिसका उद्देश्य पर्यटन के साथ-साथ स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देना है।

शीतकालीन पर्यटन से जोड़ा गया महोत्सव

जिलाधिकारी ने बताया कि वर्तमान में शीतकालीन यात्रा के अंतर्गत बड़ी संख्या में पर्यटक जनपद रुद्रप्रयाग पहुंच रहे हैं। उच्च हिमालयी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण भी पर्यटकों की संख्या में वृद्धि हुई है। इसी को ध्यान में रखते हुए रुद्रनाथ महोत्सव को शीतकालीन पर्यटन से जोड़कर आयोजित किया गया है।

सांस्कृतिक उत्सव

सरकारी योजनाओं की जानकारी और लाभ

उन्होंने बताया कि महोत्सव के दौरान विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनके माध्यम से केंद्र और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम जनता को दी जाएगी। साथ ही पात्र लाभार्थियों को योजनाओं से लाभान्वित करने का भी प्रयास किया जाएगा।

व्यापक सहभागिता से सफल रहा शुभारंभ

जिलाधिकारी ने सांस्कृतिक रैली की सराहना करते हुए कहा कि छात्र-छात्राओं, महिलाओं, स्थानीय कलाकारों और नागरिकों की व्यापक सहभागिता से महोत्सव का शुभारंभ अत्यंत भव्य और सफल रहा है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आगामी सात दिनों तक यह महोत्सव स्थानीय लोगों और पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र बना रहेगा।

रुद्रप्रयाग में सड़क सुरक्षा को लेकर बड़े संकेत, जिलाधिकारी ने सभी विभागों को दिया सख्त संदेश; क्या बदलने वाला है?

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष संतोष रावत, मुख्य विकास अधिकारी राजेन्द्र सिंह रावत, उप जिलाधिकारी सोहन सिंह सैनी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Location : 
  • Rudraprayag

Published : 
  • 7 January 2026, 5:01 PM IST