दो बहनों का इकलौता चिराग बुझा: CCTV कैमरे में कैद हुआ था आखरी सफर, नदी तट पर मिला शव

रुड़की के रसूलपुर निवासी 14 वर्षीय आर्यन भट्ट का शव ढंडियानवाला में रवासन नदी किनारे मिला। स्कूल से लौटते समय लापता हुआ आर्यन दो बहनों का इकलौता भाई था। पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 5 September 2026, 4:16 PM IST

Roorkee: उत्तराखंड के रुड़की क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली दुखद घटना सामने आई है। स्कूल में पढ़ाई खत्म होने के बाद हंसते-खेलते घर लौटने की उम्मीद में निकला 14 वर्षीय छात्र आर्यन भट्ट अचानक लापता हो गया था।

परिजनों और ग्रामीणों की तमाम कोशिशों के बावजूद जब वह जीवित नहीं मिला, तो ढंडियानवाला क्षेत्र में रवासन नदी के किनारे उसका बेजान शरीर मिलने से पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक आर्यन दो बहनों का इकलौता भाई था, जिसकी अकाल मृत्यु से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

सीसीटीवी फुटेज से खुला लापता होने का राज

रसूलपुर गांव का रहने वाला आर्यन भट्ट लाला ओमप्रकाश ज्ञानदीप कन्या इंटर कॉलेज में कक्षा 9 का छात्र था। बृहस्पतिवार को रोजाना की तरह स्कूल की छुट्टी होने के बाद जब वह काफी देर तक घर नहीं पहुंचा, तो परिजनों को चिंता हुई।

Uttarakhand Rain Alert: उत्तराखंड में 2 दिन भारी बारिश का अलर्ट, देहरादून में स्कूल बंद, कई इलाकों में जलभराव

शाम तक कोई सुराग न मिलने पर ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। मां काली मंदिर के पास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जांचने पर पता चला कि आर्यन उसी रास्ते से जा रहा था जो रवासन नदी के बीच से होकर रसूलपुर गांव की ओर जाता है।

उफनती नदी की चपेट में आने का अंदेशा

सीसीटीवी फुटेज सामने आते ही आशंका जताई जा रही थी कि नदी का जलस्तर अचानक बढ़ने की वजह से आर्यन उसकी तेज धार की चपेट में आ गया होगा। परिजनों और स्थानीय लोगों ने देर रात तक टॉर्च और मोबाइल की रोशनी से नदी के आसपास काफी तलाश की, लेकिन रात में उसका कुछ पता नहीं चल सका।

सावधान! नेपाल में तबाही के बाद उत्तराखंड में अलर्ट, शारदा नदी के किनारे SDRF तैनात; जानें चंपावत का हाल

नदी किनारे मिला शव, पोस्टमार्टम के लिए भेजा

अगली सुबह ढंडियानवाला के पास रवासन नदी के किनारे छात्र का शव पड़ा दिखाई दिया। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को बुलाकर पहचान कराई। शिनाख्त होते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। इस हादसे ने एक पूरे परिवार की खुशियां छीन ली हैं।

Location :  Roorkee

Published :  5 September 2026, 4:16 PM IST