Roorkee Double Murder: भाई ने बहन और पड़ोसी युवक को मारी गोली, प्रेम प्रसंग के शक से जुड़ा मामला

रुड़की के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। आरोप है कि भाई ने अपनी बहन और पड़ोसी युवक को गोली मार दी। दोनों की मौत हो गई। पुलिस प्रेम प्रसंग समेत कई पहलुओं की जांच कर रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Post Published By: Poonam Rajput
Updated : 26 September 2026, 3:00 PM IST

Roorkee: झबरेड़ा थाना क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह हुए दोहरे हत्याकांड से सनसनी फैल गई। आरोप है कि एक युवक ने अपनी बहन और पड़ोस में रहने वाले युवक को गोली मार दी। दोनों को अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात किया गया है।

सुबह-सुबह गोलियों की आवाज से मचा हड़कंप

जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह अमन उर्फ भरोसी सिंह (20) ने अपनी बहन रूपा (22) और पड़ोसी सूरज उर्फ मुन्ना (24) को गोली मार दी। दोनों के सीने में गोली लगने की बात सामने आई है।

वारदात के बाद परिजन दोनों घायलों को झबरेड़ा स्थित एक नर्सिंग होम लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला।

पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे

पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस वारदात के पीछे की वजह और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी देहात अभय कुमार सिंह, सीओ मंगलौर अभिनय चौधरी समेत कई पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस टीम को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

सीरियस रिलेशनशिप से तौबा! बोरियत भगाने के लिए आजकल युवाओं की पहली पसंद क्यों बन रहा है ‘डोपामिन डेटिंग’?

प्रेम प्रसंग के शक पर जांच का फोकस

झबरेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक विजय सिंह के मुताबिक, घटना के पीछे प्रेम प्रसंग सहित सभी संभावित कारणों की जांच की जा रही है। स्थानीय स्तर पर इसे ऑनर किलिंग से जोड़कर भी देखा जा रहा है, लेकिन पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट होगी।

पुलिस के अनुसार आरोपी अमन की भूमिका सामने आई है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। थाना प्रभारी ने आरोपी को जल्द गिरफ्तार किए जाने की बात कही है।

आरोपी के पुराने रिकॉर्ड की भी जानकारी

पुलिस ने बताया कि आरोपी अमन उर्फ भरोसी सिंह के खिलाफ झबरेड़ा थाने में पहले भी एक अपराध की प्राथमिकी दर्ज है। वहीं, स्थानीय स्तर पर उसके गैंग से जुड़े होने की जानकारी भी सामने आने की बात पुलिस ने कही है। हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच के बाद ही होगी।

गांव में पुलिस बल तैनात

दोहरे हत्याकांड के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए सुरक्षा बढ़ा दी गई है। पुलिस बल तैनात किया गया है और अधिकारियों की निगरानी में स्थिति पर नजर रखी जा रही है। पुलिस का कहना है कि घटना से जुड़े सभी तथ्यों और साक्ष्यों की जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Roorkee

Published :  26 September 2026, 3:00 PM IST