Uttarakhand Crime: दिनदहाड़े गोलियों की तड़तड़ाहट से कांपा रुड़की, हादसे में युवक की मौत; जांच में जुटी पुलिस

Roorkee Firing News: रुड़की के झबरेड़ी कलां गांव में अमन नामक युवक ने चलाईं गोलियां। मुन्ना की मौत, रूपा हायर सेंटर रेफर। झबरेड़ा पुलिस जांच में जुटी, आरोपी की तलाश जारी।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 26 September 2026, 11:06 AM IST

Roorkee: उत्तराखंड के रुड़की स्थित झबरेड़ा कोतवाली क्षेत्र के झबरेड़ी कलां गांव में शनिवार सुबह करीब 8:45 बजे अचानक हुई अंधाधुंध गोलीबारी से हड़कंप मच गया। दिनदहाड़े हुई इस सनसनीखेज वारदात में संदिग्ध परिस्थितियों के बीच एक युवक ने एक अन्य युवक और युवती को निशाना बनाकर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोलियों की आवाज सुनते ही इलाके में अफरा-तफरी मच गई और ग्रामीण बदहवास होकर मौके पर दौड़े। खून से लथपथ पड़े दोनों घायलों को देखकर गांव में सनसनी फैल गई।

उपचार के दौरान मुन्ना ने तोड़ा दम

वारदात के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और परिजनों की मदद से दोनों घायलों को आनन-फानन में इलाज के लिए झबरेड़ा के नजदीकी अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, डॉक्टरों के भरसक प्रयासों के बावजूद गंभीर रूप से घायल युवक मुन्ना ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।

वहीं, गोली लगने से गंभीर रूप से जख्मी हुई युवती रूपा की नाजुक हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया है, जहां उसकी हालत बेहद चिंताजनक बनी हुई है।

NIA का बड़ा एक्शन: रुड़की से पकड़ा गया सहारनपुर का युवक, 17 करोड़ के नकली नोट मामले में पूछताछ तेज, मची खलबली

अमन नाम के सिरफिरे पर गोली चलाने का आरोप

घटना की सूचना मिलते ही झबरेड़ा कोतवाली पुलिस भारी बल के साथ मौके पर पहुंची और इलाके को सील कर दिया। पुलिस की प्राथमिक जांच में गोली चलाने वाले आरोपी युवक की पहचान अमन के रूप में हुई है।

हालांकि, इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के पीछे क्या वजह थी, इसका अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस आरोपी अमन का आपराधिक रिकॉर्ड खंगालने के साथ-साथ उसकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है।

रुड़की में चलती कार में मां-बेटी से दरिंदगी: फास्ट ट्रैक कोर्ट का फैसला, ताउम्र जेल में सड़ेंगे गुनहगार

गांव में तनाव और पुलिस बल तैनात

दिनदहाड़े हुए इस मर्डर से गांव झबरेड़ी कलां में भारी तनाव और दहशत का माहौल व्याप्त है। एहतियात के तौर पर गांव में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद ही हत्या के असली कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

Location :  Roorkee

Published :  26 September 2026, 11:06 AM IST