हिंदी
होटल में पत्थरबाजी से मचा हंगामा
Nainital: रामनगर शहर में एक होटल में पत्थरबाजी कर शीशे तोड़ने और तोड़फोड़ कर अराजकता फैलाने का मामला सामने आया है। घटना की सूचना मिलते ही रामनगर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन युवकों को उनके किराए के मकान से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, युवकों की हरकत से सार्वजनिक स्थान पर शांति व्यवस्था प्रभावित होने की स्थिति बनी थी।
पुलिस के अनुसार, 25 अगस्त 2026 को थाना रामनगर को सार्वजनिक स्थान पर झगड़े और अराजकता की सूचना मिली थी। सूचना पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। होटल स्वामी अतुल अग्रवाल और होटल कर्मी धीरज ने पुलिस को बताया कि तीन युवक होटल में पत्थर मारकर शीशे तोड़ने और तोड़फोड़ करने के बाद मौके से चले गए हैं।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने युवकों की तलाश शुरू की। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने तीनों संदिग्ध युवकों को टेढ़ा रोड, रामनगर स्थित उनके किराए के मकान से पकड़ लिया और पूछताछ के लिए थाने ले आई।
पुलिस ने बताया कि सार्वजनिक स्थान पर अराजकता, पत्थरबाजी और तोड़फोड़ के चलते शांति व्यवस्था प्रभावित होने तथा किसी अप्रिय घटना की आशंका को देखते हुए तीनों के खिलाफ धारा 172(2) BNSS के तहत कार्रवाई करते हुए उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अक्षय (20) पुत्र नरेंद्र, निवासी ग्राम कुंगर, थाना भवानी खेड़ा, जिला भिवानी, हरियाणा; सागर चौहान (20) पुत्र धर्मवीर चौहान, निवासी ग्राम खेड़ीशेर खान, थाना कलायत, जिला कैथल, हरियाणा; और सचिन यादव (20) पुत्र भूपेन्द्र यादव, निवासी ग्राम बिहारी, थाना अटेली, तहसील नारनौल, जिला महेन्द्रगढ़, हरियाणा के रूप में हुई है।
पुलिस टीम में उपनिरीक्षक ललित कुमार पाण्डेय, हेड कांस्टेबल गगन सिंह, कांस्टेबल महबूब खान और कांस्टेबल संजय सिंह शामिल रहे। पुलिस का कहना है कि सार्वजनिक स्थानों पर अराजकता फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी।
Location : Nainital
Published : 28 August 2026, 2:30 AM IST