Ramnagar Crime: रामनगर में सनसनी! दुकान में कट रहा था चीतल… और जंगल में मिला बाघ का कंकाल; जानें क्या है पूरा मामला

उत्तराखंड के रामनगर में वन विभाग को बड़ी सफलता मिली है। आम पोखरा रेंज में चीतल के मांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि दो आरोपी फरार हैं। वहीं ज्वाला वन क्षेत्र में एक मादा बाघ का कंकाल मिलने से अधिकारियों में हड़कंप मच गया। दोनों मामलों की जांच वन विभाग द्वारा की जा रही है।

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 31 March 2026, 5:18 PM IST

Nainital: रामनगर में तराई पश्चिमी वन विभाग की टीम को बड़ी सफलता मिली है। आम पोखरा रेंज के अंतर्गत वन विभाग ने कार्रवाई करते हुए चीतल के मांस के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि इस मामले में दो आरोपी मौके से फरार हो गए। फरार आरोपियों की तलाश के लिए वन विभाग की टीम लगातार छापेमारी कर रही है।

जानकारी के अनुसार आम पोखरा रेंज के रेंजर पूरन सिंह खनायत को गुप्त सूचना मिली थी कि मालधन चौड़ क्षेत्र में एक मुर्गी के मीट की दुकान पर अवैध रूप से चीतल का मांस काटा और बेचा जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए रेंजर अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और छापेमारी की।

मुर्गी की दुकान में चीतल का मांस

छापेमारी के दौरान वन विभाग की टीम ने मौके से संजय कुमार नाम के व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी आनंद नगर नंबर 7, मालधन चौड़ का निवासी बताया जा रहा है। उसके कब्जे से करीब 12 किलो चीतल का मांस बरामद किया गया। बताया जा रहा है कि आरोपी अपनी मुर्गी की दुकान में खुलेआम चीतल का मांस काट रहा था।

शिक्षक बनने का सपना अब होगा पूरा, JHTET 2026 का नोटिफिकेशन जारी; जानिये कब और कैसे करें अप्लाई

तराई पश्चिमी वन प्रभाग के डीएफओ प्रकाश चंद्र आर्य ने बताया कि बरामद मांस को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। वहीं आरोपी के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की संबंधित धाराओं के तहत मुकदमा दर्ज कर उसे कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई की जा रही है। फरार दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

ज्वाला वन क्षेत्र में बाघ का कंकाल मिलने से मचा हड़कंप

इधर रामनगर के तराई पश्चिमी वन विभाग के ज्वाला वन क्षेत्र में एक बाघ का कंकाल मिलने से विभाग में हड़कंप मच गया। घटना की सूचना मिलते ही वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू कर दी।

एसडीओ किरण शाह

तराई पश्चिमी वन विभाग की एसडीओ किरण शाह ने बताया कि वन क्षेत्राधिकारी रामनगर से उन्हें सूचना मिली थी कि ज्वाला वन क्षेत्र के प्लॉट संख्या 10 में बाघ का कंकाल मिला है। सूचना मिलते ही उन्होंने स्वयं मौके पर पहुंचकर निरीक्षण किया।

प्रथम दृष्टया जांच में पता चला कि शव करीब तीन से चार दिन पुराना है और यह तीन से चार साल की मादा बाघ का कंकाल प्रतीत हो रहा है। मामले को गंभीरता से लेते हुए विभाग ने पूरे क्षेत्र की जांच शुरू कर दी है।

Muzaffarnagar: ईद की ‘ईदी’ बनी मौत की वजह, 1500 का विवाद और हंसता-खेलता परिवार खत्म, जानें क्या है वारदात

एनटीसीए गाइडलाइन के तहत पोस्टमार्टम

वन विभाग के अनुसार विभागीय पशु चिकित्सक डॉ. दुष्यंत शर्मा की देखरेख में बाघ के शव का पोस्टमार्टम किया गया। यह प्रक्रिया राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (NTCA) की गाइडलाइन के अनुसार पूरी की गई। पोस्टमार्टम के बाद शव को नियमानुसार नष्ट करने की कार्रवाई भी की गई।

एसडीओ किरण शाह ने बताया कि फिलहाल बाघ की मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। वन विभाग इस मामले को गंभीरता से लेते हुए हर पहलू की जांच कर रहा है।

Location : 
  • Nainital

Published : 
  • 31 March 2026, 5:18 PM IST