
जागरूकता के लिए निकली पिंक रैली
Nainital: नैनीताल अक्टूबर माह को ब्रेस्ट कैंसर जागरूकता माह के रूप में मनाते हुए रविवार को आशा फाउंडेशन की ओर से सरोवर नगरी में पिंक रैली निकाली गई। इस रैली का मकसद महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करना और समय रहते जांच की अहमियत बताना था।
सुबह डीएसए मैदान में बड़ी संख्या में स्कूली बच्चे पहुंचे। सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के लोग जुटे। मुख्य अतिथियों ने पिंक झंडी दिखाकर रैली की शुरुआत की जो माल रोड से होते हुए इंडिया होटल तक पहुंची और फिर वापस डीएसए मैदान में समाप्त हुई। इस दौरान सेंट मैरी स्कूल की छात्राओं ने नुक्कड़ नाटक के जरिए लोगों को कैंसर से बचाव का संदेश दिया। कार्यक्रम के औपचारिक शुभारंभ के बाद अतिथियों को पुष्पगुच्छ और अंगवस्त्र भेंट किए गए।
लखनऊ के किंग जॉर्ज मेडिकल कॉलेज के एंडोक्राइन विभागाध्यक्ष डॉ आनंद मिश्रा ने बताया कि ब्रेस्ट कैंसर आज महिलाओं में सबसे तेजी से फैलने वाला कैंसर है लेकिन शुरुआती जांच से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि हर महिला को महीने में एक बार स्वयं जांच करनी चाहिए और किसी भी बदलाव पर डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए।
हल्द्वानी के चंदन हॉस्पिटल के कैंसर विशेषज्ञ डॉ शशांक बंसल और यमुना विकास प्राधिकरण की एजीएम डॉ स्मिता सिंह ने भी कार्यक्रम में लोगों को ब्रेस्ट कैंसर के कारणों और बचाव के तरीकों की जानकारी दी।
आशा फाउंडेशन की अध्यक्ष आशा शर्मा। जिन्हें पिंक लेडी ऑफ नैनीताल के नाम से जाना जाता है। ने बताया कि उन्होंने इस रैली की शुरुआत 2019 में की थी और तब से यह अभियान लगातार चल रहा है। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर के ज्यादातर मामलों में शुरुआती लक्षण दिखाई देते हैं। अगर महिलाएं जागरूक रहें तो इस बीमारी से बचाव संभव है। उन्होंने युवाओं से भी इस मुहिम से जुड़ने की अपील की ताकि समाज में जागरूकता फैले।
कार्यक्रम का संचालन मीनाक्षी कीर्ति,दीपक कुमार और प्रोफेसर ललित तिवारी ने किया। मौके पर एसडीएम नवाजिश खलीक, एसपी सिटी जगदीश चंद्रा , विधायक सरिता आर्या, नगरपालिका अध्यक्ष डॉ सरस्वती खेतवाल, पर्यावरणविद प्रो अजय रावत। सीओ सिटी अमित कुमार, रेखा सांगवान, बिड़ला स्कूल के प्रधानाचार्य अनिल शर्मा, डॉ एमएस दुग्ताल, डॉ अभिनव गंगोला, मुन्नी तिवारी, नीलू एलायंस, मारुति नंदन साह और ईशा साह समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
Location : Nainital
Published : 5 October 2025, 8:22 PM IST
Topics : awareness breast cancer Nainital pink rally Women Health