
नैनीताल में उमड़ा सैलानियों का सैलाब (Img: Dynamite News)
Nainital: वीकेंड शुरू होते ही नैनीताल जिले के प्रमुख पर्यटन और धार्मिक स्थलों पर लोगों की भीड़ बढ़ गई है। नैनीताल घूमने के लिए जहां बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंच रहे हैं, वहीं कैंची धाम में दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की आवाजाही भी बढ़ी है। इसके अलावा भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों की संख्या बढ़ने से यातायात का दबाव दिखाई दे रहा है।
पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए नैनीताल पुलिस ने भी मोर्चा संभाल लिया है। प्रमुख पर्यटन स्थलों और मार्गों पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई है, ताकि यातायात व्यवस्था बिगड़ने न पाए और बाहर से आने वाले लोगों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वीकेंड पर कैंची धाम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं की बढ़ती संख्या को देखते हुए पुलिस ने यहां यातायात व्यवस्था के साथ-साथ शटल सेवा की व्यवस्था की है। शटल सेवा के जरिए श्रद्धालुओं को कैंची धाम तक पहुंचाया जा रहा है। इसके साथ ही दर्शन के लिए आने वाले लोगों को कतार में लगाया जा रहा है, ताकि भीड़ एक जगह जमा न हो और व्यवस्था बनी रहे।
ये भी पढ़ें- Ramnagar Accident: नैनीताल घूमने निकले बास्केटबॉल खिलाड़ी की मौत, पत्नी की हालत गंभीर
कैंची धाम जाने वाले मार्ग पर वाहनों की संख्या बढ़ने के कारण पुलिस लगातार यातायात को नियंत्रित कर रही है। पुलिसकर्मी श्रद्धालुओं और पर्यटकों को जरूरी दिशा-निर्देश भी दे रहे हैं।
वीकेंड पर नैनीताल के साथ ही भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर जाने वाले मार्गों पर भी वाहनों की आवाजाही बढ़ी है। बड़ी संख्या में निजी वाहन और पर्यटक वाहनों के पहुंचने से कई जगहों पर यातायात का दबाव बना हुआ है। स्थिति को देखते हुए थाना पुलिस, चौकी पुलिस, सीपीयू और ट्रैफिक पुलिस के जवानों को अलग-अलग स्थानों पर तैनात किया गया है। पुलिस की टीमें यातायात को सुचारु रखने के साथ ही जरूरत पड़ने पर वाहन चालकों को दिशा-निर्देश दे रही हैं।
नैनीताल पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से सड़क किनारे वाहन खड़ा नहीं करने की अपील की है। पुलिस ने लोगों से अपने वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े करने को कहा है। इसके अलावा वाहन चालकों को अनावश्यक ओवरटेकिंग से बचने और यातायात दबाव के दौरान धैर्य बनाए रखने की सलाह दी गई है। पुलिस का कहना है कि सड़क पर थोड़ी सी लापरवाही भी यातायात को प्रभावित कर सकती है।
ये भी पढ़ें- 36 घंटे से हो रही बारिश ने रोकी नैनीताल की रफ्तार; सड़कें बंद और बिजली गुल; ठंड ने भी बढ़ाई परेशानी
SSP डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में नैनीताल पुलिस पर्यटन स्थलों और प्रमुख मार्गों पर यातायात व्यवस्था को संभालने में जुटी है। पुलिस का कहना है कि वीकेंड पर पर्यटकों की संख्या बढ़ने के कारण अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। पुलिस ने पर्यटकों और श्रद्धालुओं से व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है। निर्धारित कतार में चलने, पार्किंग नियमों का पालन करने और सड़क पर अनावश्यक रूप से वाहन नहीं रोकने से यातायात को सुचारु रखने में मदद मिलेगी।
फिलहाल नैनीताल, कैंची धाम, भीमताल और मुक्तेश्वर की ओर जाने वाले मार्गों पर पुलिस की निगरानी बनी हुई है। वीकेंड की भीड़ के बीच पुलिस का फोकस यही है कि पर्यटकों और श्रद्धालुओं की यात्रा सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से पूरी हो।
Location : Nainital
Published : 2 October 2026, 8:04 PM IST