3 पद स्वीकृत, 2 साल से खाली… और अब आखिरी डॉक्टर का भी इस्तीफा, कैसे बचेगा नैनीताल का बचपन?

नैनीताल के बीडी पांडे जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञों का संकट गहरा गया है। एकमात्र विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र मेर के इस्तीफे के बाद बच्चों के इलाज पर संकट मंडरा रहा है। यहां पढ़ें पूरी खबर...

Nainital: नैनीताल बीडी पांडे जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञों की कमी अब गंभीर स्थिति में पहुंच गई है। अस्पताल में तैनात एकमात्र बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. रविंद्र मेर ने प्रभारी पीएमएस को इस्तीफा सौंप दिया है। उनके जाने के बाद अस्पताल में एक भी बाल रोग विशेषज्ञ नहीं बचेगा। ऐसे में गंभीर रूप से बीमार बच्चों के इलाज के लिए हल्द्वानी रेफर करने की नौबत आ सकती है।

पद करीब दो साल से खाली

बीडी पांडे जिला अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञों के तीन पद स्वीकृत हैं, लेकिन इनमें से दो पद करीब दो साल से खाली पड़े हैं। स्थायी नियुक्ति नहीं होने के कारण अस्पताल की बाल रोग सेवाएं लंबे समय से एक ही विशेषज्ञ के भरोसे चल रही थीं। डॉ. रविंद्र मेर के जरिए रोजाना करीब 40 से 50 बच्चों का उपचार किया जा रहा था।

यह भी पढ़ें: Nainital: हल्द्वानी में डेयरी कारोबारियों पर शिकंजा, खाद्य विभाग ने उठाए नमूने

बाल रोग विशेषज्ञ की कमी

बारिश के मौसम में बच्चों में वायरल, डायरिया और अन्य बीमारियों के मामले बढ़ने लगते हैं। ऐसे में बाल रोग विशेषज्ञ की कमी का सीधा असर नैनीताल के साथ आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले बच्चों के इलाज पर पड़ सकता है। अस्पताल में विशेषज्ञ चिकित्सक नहीं होने की स्थिति में गंभीर रूप से बीमार बच्चों को बेहतर उपचार के लिए हल्द्वानी रेफर करना पड़ सकता है। इससे मरीजों और उनके परिजनों को अतिरिक्त परेशानी के साथ लंबी दूरी तय करनी पड़ेगी।

यह भी पढ़ें: Nainital: अवैध भू-खरीद पर प्रशासन की बड़ी सर्जिकल स्ट्राइक, 6.088 हेक्टेयर भूमि पर कार्रवाई

नियुक्ति के लिए शासन को पत्र

बीडी पांडे अस्पताल में बाल रोग विशेषज्ञ की नियुक्ति का मामला करीब एक साल पहले सांसद अजय भट्ट ने भी शासन के सामने उठाया था। उन्होंने विशेषज्ञ चिकित्सक की नियुक्ति के लिए शासन को पत्र लिखा था। इसके बावजूद रिक्त पदों पर स्थायी नियुक्ति नहीं हो सकी। अब एकमात्र बाल रोग विशेषज्ञ के इस्तीफे के बाद अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं।

प्रभारी पीएमएस डॉ. द्रोपदी गंगवार ने बताया कि बाल रोग विशेषज्ञ की मांग शासन स्तर पर की गई है। उन्होंने कहा कि डॉक्टर के जाने से अस्पताल की व्यवस्थाएं प्रभावित होंगी, लेकिन वैकल्पिक व्यवस्था बनाई जा रही है। रिक्त पदों का मामला स्वास्थ्य सचिव के सामने भी रखा गया है।

Location :  Nainital

Published :  13 August 2026, 7:54 PM IST

Related News

Advertisement