
नयना पीक से 19 वर्षीय छात्र लापता (Img- Dynamite News)
Nainital: उत्तराखंड के नैनीताल से ऐसी खबर सामने आ रही है, जिसने लोगों की रूह कंपा दी। नैनीताल के नयना पीक क्षेत्र से ग्राफिक एरा में पढ़ने वाला 19 वर्षीय छात्र अननव सिंह अचानक लापता हो गया है। बता दें कि अननव भीमताल में रहकर पढ़ाई करता है और बिहार से आए उसके तीन दोस्त ऐश्वर्य राज, ओम जय और आलोक राज उससे नैनीताल में मिले थे।
इसके बाद चारों दोस्त शुक्रवार को घूमने के लिए नयना पीक पहुंचे। वापस लौटते समय अननव अपने दोस्तों से आगे निकल गया और कुछ देर बाद अचानक लापता हो गया। दोस्तों ने आसपास काफी तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई। फिलहाल वन विभाग और एसडीआरएफ की पांच टीमें उसकी तलाश में जुटी हैं।
मामले को लेकर नैनीताल के रेंजर ललित मोहन कार्की ने बताया कि बिहार से तीन युवक 4 नवंबर को हल्द्वानी पहुंचे थे। इसके बाद 6 नवंबर को वे नैनीताल आए, जहां उनकी मुलाकात भीमताल में पढ़ाई कर रहे अपने दोस्त अननव सिंह से हुई। चारों दोस्त टंकी बैंड से नयना पीक के लिए रवाना हुए थे। शाम करीब पांच बजे तीन दोस्त वापस वन चौकी पहुंचे और बताया कि उनके साथ गया एक युवक लापता हो गया है।
नैनीताल में इंसानियत शर्मसार, जिला अस्पताल के बाहर मिला छह माह का भ्रूण, मचा हड़कंप
इसके बाद वन विभाग और एसडीआरएफ की टीम ने शाम सात बजे से उसकी तलाश शुरू कर दी। रातभर अभियान चलाया गया, लेकिन छात्र का कोई पता नहीं चल पाया। उसकी तलाश के लिए पांच टीमें बनाई गई हैं और शनिवार को भी खोज अभियान जारी है।
अननव के दोस्त ऐश्वर्य राज ने बताया कि वे तीनों बिहार से घूमने आए थे और नैनीताल में अननव उनसे मिला था। इसके बाद चारों दोस्त नयना पीक गए। अननव उनसे आगे चल रहा था, जबकि बाकी तीन दोस्त पीछे थे। रास्ते में तीनों दोस्त फोटो खींचने के लिए रुक गए। कुछ देर बाद जब उन्होंने अननव को देखा तो वह वहां नहीं था। उन्होंने आसपास के लोगों से पूछताछ की और अपना मोबाइल नंबर भी दिया, ताकि अननव के मिलने पर उन्हें सूचना मिल सके।
SDRF का अभियान जारी (Img- X)
ऐश्वर्य ने बताया कि अननव के पास उस समय मोबाइल फोन भी नहीं था। उसका फोन शुक्रवार सुबह खराब हो गया था और उसे ठीक कराने के लिए दुकान पर दिया गया था। फोन का सिम दूसरे मोबाइल में लगाया गया था। दोस्तों ने काफी देर तक अपने स्तर से तलाश की। जब कोई जानकारी नहीं मिली तो उन्होंने पुलिस को फोन किया और चौकी पहुंचकर सूचना दी।
वहीं, दोस्त ओम जय ने बताया कि वे दोपहर करीब दो बजे नयना पीक के लिए निकले थे। लौटते समय अननव उनसे करीब 100 मीटर आगे चल रहा था। वह काफी तेज गति से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान तीनों दोस्त फोटो खींचने के लिए रुक गए। कुछ देर बाद उन्होंने अननव को आवाज लगाई, लेकिन उसकी तरफ से कोई जवाब नहीं आया। इसके बाद उन्होंने आसपास के क्षेत्र में काफी दूर तक खोजबीन की, लेकिन उसका कुछ पता नहीं चला।
दोस्तों के अनुसार, अननव का रंग सांवला है। लापता होने के समय उसने सफेद रंग की हाफ जिप वाली हुडी, नीली पैंट और सफेद जूते पहने हुए थे। उसकी तबीयत कुछ ठीक नहीं थी और इस वजह से वह थोड़ा परेशान भी था। हालांकि, दोस्तों को अंदाजा नहीं था कि वह इस तरह अचानक लापता हो जाएगा।
फिलहाल नयना पीक के आसपास के जंगलों और पहाड़ी रास्तों पर पांच टीमें लगातार तलाश कर रही हैं। रातभर चले अभियान के बाद भी छात्र का पता नहीं चल सका है। रेस्क्यू टीमें उसकी खोज में जुटी हुई हैं।
Location : Nainital
Published : 7 November 2026, 2:40 PM IST