हिंदी
सिर पर मटका ढोने को मजबूर ग्रामीण (Img- Dynamite News)
Nainital: सरोवर नगरी नैनीताल से सटे कूल पंचायत क्षेत्र (चोपड़ा, सिरसा, नैनीपुल) में पानी की विकट समस्या ने ग्रामीणों का जीना दूभर कर दिया है। स्थिति इतनी गंभीर हो चुकी है कि पानी के अभाव के कारण लोग इन गाँवों के युवाओं से अपनी बेटियों का रिश्ता तय करने से भी कतरा रहे हैं। धामी सरकार की महत्वाकांक्षी 'हर घर जल, हर घर नल' योजना प्रशासनिक लापरवाही के चलते यहाँ पूरी तरह ठप पड़ी हुई है।
ग्रामीणों की पीड़ा सुनने पहुंचे वरिष्ठ भाजपा नेता हेम आर्य के सामने जब यह दर्द छलका, तो उनका गुस्सा भड़क उठा। उन्होंने मौके से ही मोबाइल फोन के जरिए जल संस्थान के अधिकारियों और कर्मचारियों को जमकर लताड़ लगाई।
जब अधिकारियों ने बजट की कमी का रोना रोया, तो हेम आर्य ने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि वे इस मुद्दे पर सीधे मुख्यमंत्री से वार्ता करेंगे और जल्द से जल्द समस्या का समाधान कराएंगे।
नैनीताल के जंगलों से निकला अजगर रूपी काल निवाला निगलकर हुआ बेबस, फैली सनसनी
बैठक के दौरान ग्रामीणों ने खुलासा किया कि जल जीवन मिशन के तहत 1-1 लाख लीटर के दो और 30 हजार लीटर का एक टैंक तो बनाया गया, लेकिन निर्माण कार्य में इतनी धांधली हुई कि नए टैंकों में अभी से क्रैक (दरारें) आ चुके हैं। पानी सप्लाई करने वाली मशीनें अभी तक नहीं लगाई गई हैं, जिससे लोग आज भी मीलों दूर से सिर पर पानी ढोने को मजबूर हैं। इस दौरान ग्रामीणों में स्थानीय विधायक की उपेक्षा को लेकर भी भारी नाराजगी दिखी।
ग्रामीणों ने साफ चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही जर्जर टैंकों की मरम्मत कराकर जलापूर्ति शुरू नहीं की गई, तो वे सड़कों पर उतरकर उग्र आंदोलन करेंगे। जनसंपर्क कार्यक्रम के दौरान एक ओर जहाम ग्रामीणों का आक्रोश था, वहीं स्थानीय बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की सुंदर प्रस्तुति दी। बैठक में जीवन चंद्र, राजन लाल, नंद किशोर, लीला देवी, चंपा देवी, बसंती देवी, नवीन चन्द्र, दिनेश तिवारी, नारायण सिंह खत्री और सुखदेव समेत दर्जनों ग्रामीण उपस्थित रहे।
Location : Nainital
Published : 10 August 2026, 1:24 PM IST