हल्द्वानी शहर में महिलाओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। लुटेरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। हरिपुर जमन सिंह इलाके में दो अज्ञात युवकों ने महिला से दिनदहाड़े वारदात को अंजाम दिया।

हल्द्वानी में लुटेरों का आतंक
Nainital: हल्द्वानी शहर में लुटेरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं और महिलाओं को निशाना बनाए जाने की घटनाएं थम नहीं रही हैं। हरिपुर जमन सिंह इलाके में दो अज्ञात युवकों ने दिनदहाड़े एक महिला से सोने के कुंडल उड़ा लिए। वारदात के बाद मोहल्ले की महिलाओं में डर का माहौल है और लोग अपनी सुरक्षा को लेकर चिंतित नजर आ रहे हैं।
अल्मोड़ा में बारातियों की कार खाई में गिरी, 3 की मौत, जानिए कैसे हुई दुर्घटना…
सूचना के अनुसार, पीड़िता अपने घर के बाहर बरामदे में खड़ी थीं। उनका घर सड़क के बिल्कुल पास है। तभी बिना हेलमेट पहने दो युवक नीले रंग की स्कूटी पर वहां पहुंचे और रुक गए। युवकों में से एक ने महिला को भगवान की तस्वीर दिखाकर बातचीत में उलझाया, जबकि दूसरे ने अचानक झपट्टा मारते हुए दोनों कानों से सोने की बालियां उतार लीं। महिला कुछ समझ पाती, इससे पहले ही दोनों स्कूटी स्टार्ट कर तेजी से भाग निकले।
बताया जा रहा है कि इस क्षेत्र में इससे पहले भी गहने छीने जाने की घटनाएं हो चुकी हैं। कुछ समय पहले बीच बाजार में भी एक महिला का मंगलसूत्र छीन लिया गया था, जिसका खुलासा आज तक नहीं हो पाया है।
पीड़िता नरमा ने कोतवाली हल्द्वानी पहुंचकर पुलिस को तहरीर सौंपी है। तहरीर के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। कोतवाल विजय मेहता ने बताया कि वारदात स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज जुटाई जा रही है। स्कूटी का नंबर ट्रेस कर आरोपितों की पहचान की कोशिश की जा रही है। पुलिस टीमों को तलाश में लगा दिया गया है।