The Kerala Story 2 पर हाईकोर्ट का बड़ा फैसला, अब सिनेमाघरों में रिलीज होगी फिल्म, जानें क्या था मामला…

केरल हाईकोर्ट की डिवीजन बेंच ने ‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज पर लगी 15 दिन की रोक हटा दी। सिंगल बेंच ने पहले फिल्म पर रोक लगाई थी और सेंसर बोर्ड की प्रक्रिया पर सवाल उठाए थे। अब फिल्म तय तारीख पर सिनेमाघरों में रिलीज होगी।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 27 February 2026, 5:38 PM IST
google-preferred

Kerala: विवादित फिल्म ‘द केरल स्टोरी 2’ की रिलीज को लेकर केरल हाईकोर्ट में बड़ा घटनाक्रम देखने को मिला है। गुरुवार 26 फरवरी को सिंगल बेंच ने फिल्म की रिलीज पर 15 दिनों की अंतरिम रोक लगा दी थी, लेकिन शुक्रवार 27 फरवरी को डिवीजन बेंच ने इस आदेश को पलटते हुए फिल्म की रिलीज का रास्ता साफ कर दिया। अब फिल्म निर्धारित तारीख पर सिनेमाघरों में रिलीज की जा रही है।

डिवीजन बेंच ने पलटा सिंगल बेंच का आदेश

जस्टिस एसए धर्माधिकारी और जस्टिस पीवी बालकृष्णन की डिवीजन बेंच ने जस्टिस बेचू कुरियन थॉमस के अंतरिम आदेश पर रोक लगा दी। सिंगल बेंच ने एक दिन पहले टिप्पणी की थी कि फिल्म का कंटेंट पहली नजर में सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने की क्षमता रखता है। साथ ही सेंसर बोर्ड की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए गए थे। हालांकि डिवीजन बेंच ने विस्तृत सुनवाई के बाद सिंगल बेंच के आदेश को स्थगित कर दिया।

सेंसर बोर्ड और सर्टिफिकेट पर विवाद

फिल्म को Central Board of Film Certification (CBFC) से UA सर्टिफिकेट मिला है। सिंगल बेंच ने सेंसर बोर्ड को फटकार लगाते हुए कहा था कि सर्टिफिकेट देते समय नियमों का सही पालन नहीं किया गया। अदालत ने फिल्म की दोबारा समीक्षा का निर्देश भी दिया था। हालांकि डिवीजन बेंच के फैसले के बाद फिलहाल फिल्म की रिलीज पर कोई रोक नहीं है।

‘द केरल स्टोरी 2’ केस की सुनवाई करने वाले जज का प्रमोशन, बने मद्रास हाईकोर्ट के चीफ जस्टिस

याचिका के बाद बढ़ा विवाद

फिल्म के टीजर और ट्रेलर रिलीज होने के बाद से ही विवाद शुरू हो गया था। बायोलॉजिस्ट श्रीदेव नंबूदरी ने हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर फिल्म की रिलीज और सार्वजनिक प्रदर्शन पर रोक लगाने की मांग की थी। याचिका में आरोप लगाया गया कि फिल्म ‘प्रोपेगेंडा’ है और यह राज्य की छवि को नकारात्मक रूप से प्रस्तुत करती है।

निर्माताओं का पक्ष

फिल्म के निर्माता विपुल अमृतलाल शाह के बैनर तले बनी इस फिल्म के निर्माताओं ने अदालत के समक्ष अपनी दलीलें रखीं। हालांकि कोर्ट ने फिल्म को पहले देखने की इच्छा जताई थी, लेकिन प्रोड्यूसर की ओर से इसे स्क्रीनिंग के लिए प्रस्तुत नहीं किया गया। इसके बावजूद डिवीजन बेंच ने अंतरिम रोक हटाते हुए रिलीज की अनुमति दे दी।

The Kerala Story 2: केरल हाई कोर्ट में सुनवाई, रिलीज पर रोक; केंद्र ने सर्टिफिकेशन का किया समर्थन

कानूनी और राजनीतिक बहस जारी

डिवीजन बेंच का फैसला ऐसे समय आया, जब फिल्म की रिलीज कुछ ही घंटों दूर थी। सिंगल बेंच ने जहां फिल्म के कंटेंट को लेकर गंभीर आशंकाएं जताई थीं, वहीं डिवीजन बेंच ने इसे पर्याप्त आधार नहीं माना। अब फिल्म सिनेमाघरों में रिलीज हो रही है, लेकिन फिल्म को लेकर चर्चाएं अभी बनी हुई हैं।

Location : 
  • Kerala

Published : 
  • 27 February 2026, 5:38 PM IST

Advertisement
Advertisement