
डीएम के साथ महिला (Img: Dynamite News)
Haldwani: नैनीताल जिले में प्रशासन ने अवैध कब्जों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक महिला को उसकी पैतृक जमीन वापस दिलाई है। धारी विकासखंड के ग्राम कौल में लंबे समय से कब्जे में चल रही करीब 25 नाली जमीन को प्रशासन ने मुक्त कराकर महिला को सौंप दिया। जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देश पर हुई इस कार्रवाई के बाद स्थानीय लोगों में भी प्रशासन के सख्त रुख की चर्चा शुरू हो गई है।
जानकारी के अनुसार, ग्राम कौल निवासी भगवती देवी पत्नी स्वर्गीय दीवान राम की पैतृक भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा किया गया था। महिला ने अपनी जमीन वापस पाने के लिए कई बार अधिकारियों से गुहार लगाई, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हो पाया। इसके बाद भगवती देवी ने अपनी परेशानी सीधे जिलाधिकारी नैनीताल के सामने रखी। उन्होंने अपनी जमीन को अवैध कब्जे से मुक्त कराने की मांग की। मामले की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल राजस्व विभाग को जांच के निर्देश दिए।
ये भी पढ़ें- नैनीताल घूमने निकलने से पहले जान लें ये बात… बारिश ने बदला पहाड़ों का पूरा नजारा, मौसम विभाग ने जारी की चेतावनी
जिलाधिकारी के आदेश के बाद राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरे मामले की जांच की। जांच में महिला की शिकायत सही पाई गई। इसके बाद प्रशासन की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए जमीन से अवैध कब्जा हटाया और भूमि का वास्तविक कब्जा भगवती देवी को सौंप दिया।
प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद महिला ने राहत की सांस ली। उन्होंने अपनी जमीन वापस मिलने पर जिलाधिकारी और पूरी टीम का आभार जताया।
ये भी पढ़ें- जब सड़क ही नहीं तो विकास कैसा? घायल महिला को 4 किमी डोली में ढोते रहे ग्रामीण, तस्वीरों ने खोली हकीकत
जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने कहा कि जिले में किसी भी गरीब, असहाय या आम व्यक्ति की जमीन पर अवैध कब्जा बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रशासन ऐसे मामलों में गंभीरता से कार्रवाई करेगा और पीड़ित लोगों को समय पर न्याय दिलाने का प्रयास जारी रहेगा। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि जमीन से जुड़े मामलों में शिकायतों की जांच निष्पक्ष तरीके से की जाए और दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाए।
Location : Nainital
Published : 6 August 2026, 5:15 PM IST