“मांग रहे थे दहेज…”, काठगोदाम पुलिस ने सास नंदी और ननद चम्पा पर कसा शिकंजा

हल्द्वानी के दामवाढ़ूंगा में छह माह की गर्भवती महिला की मौत के मामले में नया खुलासा हुआ है। मृतका के भाई की तहरीर पर सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला द्वारा मौत से पहले बनाया गया वीडियो भी जांच का हिस्सा बना है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 3 June 2026, 7:33 PM IST

Nainital/Haldwani : काठगोदाम थाना क्षेत्र के दामवाढ़ूंगा में छह माह की गर्भवती महिला की मौत के मामले में पुलिस ने सास और ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। मायके पक्ष की शिकायत पर दहेज उत्पीड़न और मानसिक प्रताड़ना के आरोपों की जांच शुरू कर दी गई है।

चार साल पहले हुई थी शादी

जानकारी के अनुसार पिथौरागढ़ जिले के गंगोलीहाट निवासी संजय कुमार ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी 24 वर्षीय बहन मनीषा देवी का विवाह करीब चार वर्ष पहले दामवाढ़ूंगा निवासी संतोष कुमार के साथ हुआ था। मनीषा की ढाई वर्ष की एक बेटी भी है और वह छह माह की गर्भवती थी।

सास और ननद पर गंभीर आरोप

तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विवाह के बाद से ही मनीषा को दहेज की मांग समेत अन्य बातों को लेकर मानसिक रूप से परेशान किया जाता था। आरोप सास नंदी देवी और ननद चम्पा पर लगाए गए हैं। मायके पक्ष का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ।

Nainital news: परीक्षा का तनाव बना जानलेवा, नैनीताल में 19 साल के छात्र की मौत

अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम

बताया गया कि एक जून को परिजनों को सूचना मिली कि मनीषा की तबीयत खराब है और उसे अस्पताल ले जाया गया है। जब परिवार के लोग अस्पताल पहुंचे तो चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महिला के गर्भ में पल रहे बच्चे की भी मौत हो गई।

मौत से पहले मनीषा ने बनाया था वीडियो

मृतका के भाई ने यह भी दावा किया है कि मनीषा ने मौत से पहले मोबाइल फोन में एक वीडियो रिकॉर्ड किया था, जिसमें उसने अपने साथ हो रही मानसिक प्रताड़ना का जिक्र किया है। पुलिस ने वीडियो और अन्य साक्ष्यों को जांच में शामिल कर लिया है। पुलिस के अनुसार तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Location :  Nainital / Haldwani

Published :  3 June 2026, 7:33 PM IST