हिंदी
ट्रक नाले में गिरा
Vikasnagar: सहसपुर क्षेत्र में एक अनियंत्रित ट्रक पुल की रेलिंग तोड़ते हुए गहरे बरसाती नाले में जा गिरा। हादसा इतना भीषण था कि ट्रक के परखच्चे उड़ गए। आधी रात के सन्नाटे में गूंजी चीख-पुकार ने आसपास के इलाके में हड़कंप मचा दिया। गनीमत रही कि ट्रक ड्राइवर की जान बच गई, लेकिन वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
सहसपुर में देर रात बड़ा सड़क हादसा। संकरे पुल पर ओवरटेकिंग के दौरान बेकाबू ट्रक रेलिंग तोड़ते हुए बरसाती नाले में जा गिरा। ड्राइवर गंभीर रूप से घायल, पुलिस जांच में जुटी।#Uttarakhand #Dehradun #Sahaspur #RoadAccident pic.twitter.com/ZizaUL2vt7
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 3, 2026
ये तस्वीरें उस खौफनाक मंजर की गवाही दे रही हैं। यह बीती रात सहसपुर के इस बरसाती नाले में सामने आया। जानकारी के मुताबिक, सेलाकुई औद्योगिक क्षेत्र से माल लेकर निकला ट्रक अपनी मंजिल की ओर जा रहा था। रात करीब 2 बजे का वक्त था। ट्रक ड्राइवर सहसपुर के पास एक पेट्रोल पंप पर तेल भरवाने के लिए पहुंच ही रहा था कि अचानक सामने से आए एक दूसरे वाहन ने पूरी स्थिति बिगाड़ दी और कुछ ही सेकेंड में बड़ा हादसा हो गया।
स्थानीय लोगों और प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इस दुर्घटना की सबसे बड़ी वजह गलत तरीके से की गई ओवरटेकिंग और पुल की कम चौड़ाई बताई जा रही है। बताया जा रहा है कि ट्रक अपनी लेन में धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा था। तभी सामने से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने बेहद संकरे पुल पर ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश की। अचानक बने इस हालात में ट्रक चालक ने वाहन को बचाने के लिए ट्रक मोड़ने की कोशिश की, लेकिन संतुलन बिगड़ गया। भारी ट्रक पुल की रेलिंग को तोड़ते हुए सीधे गहरे बरसाती नाले में जा गिरा।
हादसा इतना तेज था कि ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। आसपास के लोगों ने जोरदार आवाज सुनकर तुरंत मौके की ओर दौड़ लगाई। सूचना मिलते ही सहसपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई। स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से घायल ट्रक ड्राइवर को रात के अंधेरे में ही मलबे से बाहर निकाला गया। इसके बाद उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
सुबह होते ही हादसे की खबर इलाके में फैल गई। जैसे ही लोगों ने नाले में गिरे ट्रक को देखा, सड़क पर भीड़ जमा हो गई। राहगीरों और स्थानीय लोगों के रुकने से देहरादून-पांवटा साहिब मार्ग पर लंबा जाम लग गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद क्रेन की मदद से ट्रक को हटाने और यातायात को सुचारू करने का काम शुरू किया।
Location : Vikasnagar
Published : 3 April 2026, 4:26 PM IST