Haldwani : 5 बच्चों के सिर से उठा मां का साया, महिला की संदिग्ध मौत पर पुलिस का बड़ा खुलासा

बरेली रोड स्थित खुर्पिया फार्म के पास मूल रूप से बदायूं की रहने वाली 50 वर्षीय सुनीता का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी फैल गई। मृतका मंगलवार शाम टहलने निकली थीं और वापस नहीं लौटीं। लालकुआं और हल्दूचौड़ पुलिस सहित फॉरेंसिक टीम मामले की जांच दुर्घटना, अपराध और नशे की लत समेत सभी संभावित एंगल्स से कर रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 3 June 2026, 7:49 PM IST

Haldwani : बरेली रोड क्षेत्र में एक महिला का शव संदिग्ध परिस्थितियों में क्षत विक्षत अवस्था में मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। मृतका की पहचान 50 वर्षीय सुनीता के रूप में हुई है, जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बदायूं की रहने वाली थीं और वर्तमान में बरेली रोड स्थित गोलागेट क्षेत्र में परिवार के साथ रह रही थीं।

सुबह खुर्पिया फार्म के पास मिला शव

परिजनों के मुताबिक सुनीता मंगलवार शाम करीब सात बजे घर से टहलने के लिए निकली थीं। देर रात तक घर वापस न लौटने पर परिवार के लोगों ने उनकी तलाश शुरू की, लेकिन रातभर उनका कोई पता नहीं चल सका। बुधवार सुबह खुर्पिया फार्म क्षेत्र के पास एक महिला का शव पड़े होने की सूचना पुलिस को मिली। सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंचे, जहां शव की पहचान सुनीता के रूप में की गई।

मां की हालत देख स्तब्ध रह गया बेटा

मृतका के बेटे अरुण ने बताया कि जब उसने अपनी मां का शव देखा तो वह बेहद क्षत विक्षत हालत में था। उसके अनुसार शव पर कई गंभीर चोटों के निशान थे। परिजनों का कहना है कि शव की स्थिति देखकर वे स्तब्ध रह गए। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सुनीता अपने पीछे पांच बच्चों का परिवार छोड़ गई हैं।

Haldwani News: राख की ढेरी में तब्दील हुई 3 मंजिला शराब की दुकान, तिकोनिया चौराहे पर मची अफरातफरी

फॉरेंसिक टीम ने जुटाए सबूत

मामले की गंभीरता को देखते हुए लालकुआं कोतवाली और हल्दूचौड़ चौकी की पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर भारी संख्या में स्थानीय लोग भी जमा हो गए। पुलिस ने क्षेत्र को घेरकर जांच शुरू की और फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया। विशेषज्ञों ने घटनास्थल से विभिन्न साक्ष्य एकत्र किए, जिसके बाद शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

नशे की लत का एंगल भी आया सामने

पुलिस का कहना है कि फिलहाल मौत के कारणों को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं निकाला गया है। जांच के दौरान यह जानकारी भी सामने आई है कि महिला को नशे की लत थी और वह कई बार सुनसान इलाकों की ओर चली जाया करती थी। हालांकि पुलिस इस पहलू के साथ-साथ अन्य संभावित कारणों की भी जांच कर रही है।

पोस्टमार्टम रिपोर्ट से खुलेगा राज

पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले की हर एंगल से पड़ताल की जा रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि महिला किसी दुर्घटना का शिकार हुई, उसके साथ कोई आपराधिक घटना हुई या फिर इसके पीछे कोई अन्य वजह है। परिजनों ने भी दुर्घटना की आशंका जताई है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के नतीजों के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा।

Location :  Haldwani

Published :  3 June 2026, 7:49 PM IST