हिंदी
नैनीताल के खुर्पाताल क्षेत्र में कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने निरीक्षण कर स्कूल गेट विवाद सुलझाया और अवैध निर्माण व कचरा फैलाने वालों पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। इस दौरान स्थानीय लोगों ने पानी की समस्या उठाई। जिस पर आयुक्त ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया।
आयुक्त दीपक रावत (Img: Google)
Nainital: खुर्पाताल क्षेत्र में उस वक्त हलचल मच गई जब कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत अचानक निरीक्षण पर पहुंच गए। इलाके में चल रहे विवाद और अव्यवस्थाओं को लेकर लोगों में नाराजगी थी लेकिन आयुक्त ने मौके पर ही स्थिति संभालते हुए न सिर्फ स्कूल गेट का विवाद खत्म कराया, बल्कि अवैध निर्माण और गंदगी फैलाने वालों पर सख्त रुख भी दिखाया।
निरीक्षण के दौरान प्राथमिक विद्यालय खुर्पाताल के गेट पर ताला लगाने को लेकर चल रहा विवाद सामने आया। इस पर आयुक्त ने तुरंत फैसला लेते हुए निर्देश दिया कि नए ताले की चाबियां तीन जगह विद्यालय, ग्राम पंचायत और उद्यान विभाग में रखी जाएं। साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि जरूरत पड़ने पर मैदान का उपयोग सरकारी कार्यों के लिए किया जा सकेगा। जिससे भविष्य में किसी तरह का विवाद न हो।
खुर्पाताल झील के आसपास बने अवैध होटल और भवनों को देखकर आयुक्त ने कड़ी नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित सहायक और अवर अभियंताओं की जिम्मेदारी तय करते हुए उनका वेतन रोकने और अनुशासनात्मक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। साथ ही अवैध कब्जों को जल्द हटाने के आदेश भी दिए गए। जिससे क्षेत्र की सुंदरता और व्यवस्था बनी रह सके।
पहाड़ों में अचानक कैसे भड़की आज़ादी की लहर? जानिए गांधी के नैनीताल पहुंचने की कहानी
निरीक्षण के दौरान झील किनारे फैली गंदगी को लेकर भी आयुक्त ने सख्त रुख अपनाया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कचरा फेंकने वालों की पहचान कर दो दिन के भीतर उन पर जुर्माना लगाया जाए। उनका कहना था कि पर्यटन स्थल की स्वच्छता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा।
झूला पुल नैनीताल की पहाड़ियों में बसा ब्रिटिशकाल का अनमोल धरोहर, सवा सौ साल बाद भी मजबूती का प्रतीक
इस दौरान स्थानीय लोगों ने पानी की समस्या उठाई। जिस पर आयुक्त ने जल्द समाधान का भरोसा दिलाया। उन्होंने प्राथमिक विद्यालय के बच्चों से मुलाकात कर उनका हाल भी जाना। निरीक्षण के समय जिला पंचायत उपाध्यक्ष देवकी बिष्ट, ग्राम प्रधान हंशी नेगी और अन्य अधिकारी मौजूद रहे।