कैंची धाम में उमड़ेगा जनसैलाब! लाखों श्रद्धालुओं के आगमन से पहले प्रशासन ने बनाया मास्टर प्लान

15 जून को बाबा नीम करौरी महाराज के जन्मोत्सव पर आयोजित होने वाले कैंची धाम मेले को लेकर प्रशासन और पुलिस ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विशेष योजना तैयार की गई है।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 10 June 2026, 6:54 PM IST

Nainital: बाबा नीम करौरी महाराज के जन्मोत्सव के अवसर पर आगामी 15 जून को आयोजित होने वाले विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम मेले की तैयारियों ने गति पकड़ ली है। मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से कैंची धाम मंदिर परिसर में प्रशासन और पुलिस अधिकारियों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुरक्षा, यातायात और भीड़ प्रबंधन को लेकर विस्तृत रणनीति पर चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने दिए दिशा-निर्देश

बैठक में जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी ने मेले की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। एसएसपी ने बताया कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और यातायात संचालन को लेकर विशेष प्लान तैयार किया गया है, ताकि दर्शन के लिए आने वाले लोगों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

प्रशासन ने यात्रा मार्गों को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने पर जोर दिया है। पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं कि कैंची धाम जाने वाले मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में सड़क किनारे किए गए अतिक्रमणों को तत्काल हटाया जाए, जिससे श्रद्धालुओं का आवागमन सुचारू बना रहे।

विकास कार्यों के नाम पर लाखों की निकासी का खेल! जांच में खुला बड़ा राज, दो सचिवों और प्रधान पर FIR

शटल सेवाओं पर विशेष नजर

मेले के दौरान संचालित होने वाली शटल सेवाओं पर भी विशेष निगरानी रखी जाएगी। प्रत्येक शटल सेवा स्थल पर पुलिस, परिवहन विभाग और राजस्व विभाग के प्रतिनिधियों की तैनाती की जाएगी, जो व्यवस्थाओं की निगरानी करने के साथ श्रद्धालुओं की सहायता भी करेंगे।

भीड़ नियंत्रण और आपात स्थितियों से निपटने के लिए प्रशासन ने वैकल्पिक यातायात योजना भी तैयार कर ली है। आवश्यकता पड़ने पर इस योजना को तत्काल लागू किया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था का पुख्ता इंजताम

इसके अलावा मेले में पर्याप्त संख्या में पुलिस बल, यातायात पुलिस और सुरक्षा कर्मियों की तैनाती की जाएगी, जो लगातार निगरानी रखते हुए कानून व्यवस्था बनाए रखेंगे। प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे मेले के दौरान जारी दिशा निर्देशों का पालन करें और व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग दें, ताकि आयोजन शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हो सके।

महराजगंज में पंचायत चुनाव का बिगुल, 19.50 लाख मतदाताओं की अंतिम सूची जारी

बैठक में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, उप जिलाधिकारी धारी अनुराग आर्य, उप जिलाधिकारी कैंचीधाम दिव्यांशु, पुलिस अधीक्षक संचार रेवाधर मठपाल, सीओ रविकांत सेमवाल, परिवहन विभाग के अधिकारी, मंदिर समिति के ट्रस्टी, व्यापार मंडल के पदाधिकारी और विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Location :  Nainital

Published :  10 June 2026, 6:54 PM IST