हिंदी
पुलिस गिरफ्त में आरोपी
Nainital: नैनीताल जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। काठगोदाम पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने 618 ग्राम स्मैक के साथ दो अंतरराज्यीय तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद स्मैक की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.85 करोड़ रुपये आंकी गई है। इसे जनपद में नशे के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री के मिशन ड्रग फ्री देवभूमि और ऑपरेशन प्रहार अभियान के तहत वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में नशा तस्करों के खिलाफ सघन अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी और क्षेत्राधिकारी हल्द्वानी के पर्यवेक्षण में काठगोदाम पुलिस तथा एसओजी की टीम ने संयुक्त चेकिंग
अभियान चलाया।
पुलिस को मिली मुखबिर की सूचना के आधार पर पश्चिमी खेड़ा स्थित इंडियन ऑयल पेट्रोल पंप के पास निर्माणाधीन भवन के निकट दो संदिग्धों को रोका गया। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से कुल 618 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मौके से गिरफ्तार कर लिया। साथ ही एक हुंडई औरा कार और इलेक्ट्रॉनिक तराजू भी बरामद किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजस्थान के भरतपुर निवासी 27 वर्षीय गजब सिंह और 37 वर्षीय सीताराम के रूप में हुई है। गजब सिंह के पास से 311 ग्राम तथा सीताराम के पास से 307 ग्राम स्मैक बरामद की गई। दोनों के खिलाफ कोतवाली काठगोदाम में एनडीपीएस एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पूछताछ में सीताराम ने बताया कि गजब सिंह उसका सगा भाई है। दोनों राजस्थान से एक टैक्सी वाहन लेकर हल्द्वानी पहुंचे थे। उनका इरादा काठगोदाम रेलवे स्टेशन क्षेत्र में किसी व्यक्ति को स्मैक की खेप सौंपने के बाद मुक्तेश्वर स्थित अपने रिश्तेदारों के यहां जाने का था। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।
जांच में यह भी सामने आया है कि गजब सिंह के खिलाफ राजस्थान में आबकारी अधिनियम और एनडीपीएस एक्ट के तहत कई मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं सीताराम के आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस के अनुसार वर्ष 2026 में अब तक जिले में स्मैक, चरस, गांजा, डोडा और नशे के इंजेक्शनों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया गया है। इस दौरान दर्जनों तस्करों को गिरफ्तार कर बड़ी मात्रा में नशीले पदार्थ बरामद किए गए हैं।
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने 2500 रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।
Location : Nainital
Published : 5 June 2026, 5:18 PM IST