हरिद्वार के रुड़की से एक ऐसी खबर आई है, जिस पर लोग आसानी से विश्वास नहीं कर पा रहे हैं। यहां एक व्यक्ति ने अपने दोस्त से तंग आकर उसे ट्रक से कुचल दिया। लोग हैरान हैं कि आखिर कोई कैसे इतना खतरनाक कदम उठा सकता है ?

ड्राइवर ने अपने दोस्त को उतारा मौत के घाट
Haridwar: रुड़की का एक ट्रक चालक अपने दोस्त की गंदी हरकतों से तंग आ गया था। उसने हमेशा के लिए दोस्त का मुंह बंद करने की ठान ली। इसके लिए चालक ने जो खतरनाक कदम उठाया वह हर किसी को हैरान करने वाला है। गुस्साए चालक ने पहले उसे ट्रक से नीचे उतारा और फिर उस पर ट्रक चढ़ा दिया। इसके बाद वह चैन से सो गया।
मामला रुड़की के भगवानपुर क्षेत्र का है। बताया जाता है कि ट्रक चालक राजीव का दोस्त राहुल अक्सर उसकी भांजियों पर अश्लील टिप्पणियां करता था। इस बात को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। होली के दिन भी जब उसने यही हरकत की, तो गुस्साए चालक ने पहले उसे ट्रक से नीचे उतारा और फिर टोल प्लाजा के पास उस पर ट्रक चढ़ा दिया।
प्रताप कॉलोनी निवासी एक महिला ने भगवानपुर थाने में शिकायत दर्ज कराई कि ट्रक नंबर- UP17 BT 8882 के चालक राजीव ने उसके पति राहुल कुमार को भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक से कुचलकर मार डाला। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
आरोपी ड्राइवर गिरफ्तार
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी राजीव को 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपी ने हत्या की बात स्वीकार कर ली। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल ट्रक भी बरामद कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ट्रक चालक ने बताया कि राहुल अक्सर उसके साथ शराब पीता था और नशे की हालत में उसकी भांजियों के बारे में अश्लील टिप्पणियां करता था। कई बार समझाने के बावजूद राहुल अपनी हरकतों से बाज नहीं आया।
होली के दिन दोनों भगवानपुर टोल प्लाजा के पास ट्रक में बैठकर शराब पी रहे थे। इसी दौरान राहुल ने फिर से आरोपी की भांजियों को लेकर आपत्तिजनक बातें शुरू कर दी। इससे गुस्साए राजीव ने उसे ट्रक से नीचे उतार दिया। जैसे ही राहुल टोल की तरफ जाने लगा, ट्रक चालक ने उस पर ट्रक चढ़ा दिया।
CJI सूर्यकांत ने भूटान के किंग से की मुलाकात, ज्यूडिशियरी में तकनीक के इस्तेमाल पर जानिये क्या कहा
खास बात यह है कि खतरनाक वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी ट्रक लेकर नन्हेड़ा रोड पहुंचा और वहीं ट्रक खड़ा कर बेखौफ होकर सो गया। पुलिस ने जांच के दौरान ट्रक बरामद कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है।