हल्द्वानी में बुजुर्ग महिला को बनाया था निशाना, लेकिन 2 दिन में ही पुलिस ने पलट दी बाजी

हल्द्वानी के मुखानी क्षेत्र में हुई सनसनीखेज वारदात का एसओजी और मुखानी पुलिस ने तेजी से खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। इस घटना से इलाके में भय व्याप्त था।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 2 August 2026, 1:49 AM IST

Nainital: हल्दवानी के मुखानी क्षेत्र में बुजुर्ग महिला के कान से सोने का कुंडल झपटने की घटना का नैनीताल पुलिस ने 48 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया है। एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी के निर्देश पर गठित एसओजी और मुखानी पुलिस की संयुक्त टीम ने दो आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से लूटा गया सोने का कुंडल बरामद किया है।

ये था मामला

पुलिस के अनुसार 30 जुलाई को जगतपुरम कॉलोनी निवासी चम्पा देवी ने मुखानी थाने में तहरीर देकर बताया था कि दो अज्ञात युवक उनकी सास के कान से सोने का कुंडल झपटकर फरार हो गए। शिकायत के आधार पर थाना मुखानी में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।

घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी मंजूनाथ टीसी ने एसपी सिटी मनोज कत्याल को मामले के शीघ्र खुलासे के निर्देश दिए। प्रभारी निरीक्षक सुशील जोशी और एसओजी प्रभारी मोहन सोन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की और मैन्युअल व तकनीकी सर्विलांस के जरिए संदिग्धों की पहचान की।

आरोपियों को घेराबंदी कर दबोचा

शनिवार को पुलिस ने रिलायंस मॉल के पीछे आम के बगीचे से दोनों आरोपियों को घेराबंदी कर गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान एक आरोपी के कब्जे से झपटा गया सोने का कान का कुंडल बरामद हुआ, जिसके बाद मुकदमे में बरामदगी की धारा भी बढ़ा दी गई।

मौत को छूकर लौटे रेस्टोरेंट के कारीगर, नैनीताल में शॉर्ट सर्किट से लगी भीषण आग, ऐसे बचाई लोगों ने अपनी कीमती जान

पूछताछ में आरोपियों ने बताया

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे गली-गली घूमकर कबाड़ बीनने का काम करते हैं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अजय (22) और सूरज जोशी (20) निवासी बिल्सी, जनपद बदायूं (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। पुलिस ने बताया कि अजय के खिलाफ पहले से भी एक आपराधिक मामला दर्ज है तथा उसके अन्य आपराधिक इतिहास की जानकारी जुटाई जा रही है।

“चीखती रह गई बुजुर्ग महिला, कानों से बहा खून!” नैनीताल में दिनदहाड़े झपटमारी से हड़कंप, बदमाशों की तलाश तेज

एसएसपी नैनीताल मंजूनाथ टीसी ने मामले का सफल खुलासा करने वाली पुलिस टीम की सराहना करते हुए उन्हें 2,500 रुपये नगद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

Location :  Nainital

Published :  2 August 2026, 1:46 AM IST