Gujarat Accident: जन्मदिन की खुशियां मातम में बदलीं, कोटद्वार पहुंचे तीन परिवारों के सात सदस्यों के शव

गुजरात के भुज में एक हादसे में जान गंवाने वाले कोटद्वार के सात लोगों के शव सेना के कौड़िया कैंप पहुंच गए हैं। इनमें से तीन परिवारों के मृतकों का अंतिम संस्कार कोटद्वार के मुक्ति धाम (श्मशान घाट) में किया जाएगा। हादसे के बारे में अधिक जानकारी के लिए आगे पढ़ें।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 23 November 2026, 11:08 AM IST

Kotdwar: गुजरात के कच्छ जिले के भुज में हुए भीषण सड़क हादसे ने उत्तराखंड के तीन परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। अब इस घटना को लेकर एक बड़ा अपडेट सामने आया है। हादसे में जान गंवाने वाले सात लोगों के शव सेना के कौड़िया कैंप पहुंच गए हैं।

परिवार के सदस्य और रिश्तेदार भी जल्द ही वहां पहुंचने वाले हैं। सभी जरूरी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद शवों को उनके गृह नगर भेज दिया जाएगा। इसके बाद कोटद्वार के मुक्ति धाम (श्मशान घाट) में इन सातों लोगों का अंतिम संस्कार किया जाएगा।

तीन परिवारों के सात लोगों की मौत

मृतकों में गढ़वाल राइफल्स में तैनात नायक सौरभ सिंह नेगी, उनकी पत्नी सविता नेगी और उनकी बेटी शिविका शामिल हैं। इसी तरह गढ़वाल राइफल्स के ही नायक राजेश सिंह रावत और उनकी बेटी रक्षिता की भी इस हादसे में जान चली गई। तीसरे परिवार से नायक नितिन गुसाईं की पत्नी रिंकी गुसाईं और उनकी बेटी वामिका का भी निधन हो गया। एक ही हादसे में तीन परिवारों के सात सदस्यों के चले जाने से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है।

देहरादून के स्कूल में छात्रा से छेड़छाड़ का मामला, शिक्षक पर लगे गंभीर इल्जाम; प्रधानाचार्य से भी की शिकायत

एक बेटी का जन्मदिन मनाने गुजरात गए थे परिवार

रिपोर्ट्स के अनुसार, सौरभ सिंह नेगी का परिवार कोटद्वार के लालपुर में 'गढ़वाली टंकी' के पास रहता था। राजेश सिंह रावत का परिवार सिमलचौड़ में, जबकि नितिन गुसाईं का परिवार मोटाढक में रहता था।

हादसे में गाड़ी चकनाचूर (Img- X)

बताया जा रहा है कि ये परिवार एक बेटी का जन्मदिन मनाने के लिए कोटद्वार से गुजरात गए थे। ब्रिगेडियर विनोद नेगी के अनुसार, ये तीनों परिवार गुजरात के 'रण' (Rann) क्षेत्र में घूमने के लिए निकले थे।

भुज-खावड़ा हाईवे पर ट्रेलर ट्रक से टकराई कार

यह दुखद हादसा शनिवार रात करीब 9:30 से 10:00 बजे के बीच हुआ। भुज-खावड़ा नेशनल हाईवे पर वेकारिया इलाके के पास, इन परिवारों को ले जा रही कार सामने से आ रहे एक ट्रेलर ट्रक से टकरा गई।

देहरादून के कॉलेजों तक पहुंचे दिल्ली के सिद्धू गैंग के तार: महंगे शौक के लिए छात्र बने नशे के सौदागर, 6 गिरफ्तार

टक्कर इतनी ज़बरदस्त थी कि कार पूरी तरह से चकनाचूर हो गई और दो हिस्सों में बंट गई। हादसे में शामिल सभी सात लोगों की मौत हो गई। मौत का कारण सिर में गंभीर चोटें और शॉक (सदमा) बताया गया है।

Location :  Kotdwar

Published :  23 November 2026, 11:08 AM IST