रामनगर में रसोई गैस की कमी से लोग परेशान हैं। एजेंसियों पर लंबी कतारें लग रही हैं और कई उपभोक्ताओं को समय पर सिलेंडर नहीं मिल पा रहा, जिससे उनकी रोजमर्रा की जिंदगी प्रभावित हो रही है।

रसोई गैस को लेकर लोग परेशान
Ramnagar: रामनगर में इन दिनों रसोई गैस को लेकर लोगों की परेशानी लगातार बढ़ती जा रही है। हालात ऐसे हैं कि गैस सिलेंडर के लिए लोगों को बार-बार एजेंसियों के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद भी उन्हें समय पर गैस नहीं मिल पा रही है।
एजेंसियों पर बढ़ी भीड़, लोग परेशान
शहर की अलग-अलग गैस एजेंसियों पर रोजाना उपभोक्ताओं की लंबी कतारें देखने को मिल रही हैं। लोग सुबह से ही लाइन में लग रहे हैं लेकिन कई बार घंटों इंतजार के बाद भी उन्हें खाली हाथ लौटना पड़ रहा है। इस स्थिति से उपभोक्ताओं में नाराजगी साफ तौर पर नजर आ रही है।
उपभोक्ताओं की शिकायतें बढ़ीं
गैस लेने पहुंचे लोगों का कहना है कि वे कई दिनों से एजेंसी के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें सिलेंडर नहीं मिल पाया है। उनका आरोप है कि न तो सही जानकारी दी जा रही है और न ही वितरण का कोई स्पष्ट समय बताया जा रहा है। जिससे उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, कई ऐसे परिवार हैं जिनके घरों में गैस पूरी तरह खत्म हो चुकी है। ऐसे में उन्हें मजबूरी में लकड़ी, चूल्हा या अन्य वैकल्पिक साधनों का सहारा लेना पड़ रहा है। बढ़ती गर्मी और रोजमर्रा की जरूरतों के बीच यह समस्या और भी गंभीर बनती जा रही है।
वहीं, गैस एजेंसी संचालकों का कहना है कि गैस का वितरण पूरी तरह नियमों के तहत किया जा रहा है और किसी प्रकार की अनियमितता नहीं है। उनका दावा है कि रोस्टर सिस्टम के अनुसार ही सिलेंडर दिए जा रहे हैं।
इस पूरे मामले पर उप जिलाधिकारी गोपाल सिंह चौहान ने भी कहा कि प्रशासन द्वारा हर क्षेत्र में रोस्टर के अनुसार गैस सप्लाई सुनिश्चित की जा रही है। हालांकि, उन्होंने माना कि मांग बढ़ने के कारण कुछ स्थानों पर दबाव की स्थिति बनी हुई है।