रामनगर में शराब की दुकान पर बवाल… महिलाओं ने कहा- गांव में नहीं खुलने देंगे शराब की दुकान

रामनगर के ढिकुली गांव में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर ग्रामीणों का विरोध तेज हो गया है। महिलाओं और जनप्रतिनिधियों ने तहसील पहुंचकर प्रदर्शन किया और जिलाधिकारी के नाम ज्ञापन सौंपा। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि दुकान नहीं हटाई गई तो हाईवे जाम कर उग्र आंदोलन करेंगे।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 12 May 2026, 3:55 PM IST

Ramnagar: उत्तराखंड़ में रामनगर के ग्राम पंचायत ढिकुली में प्रस्तावित शराब की दुकान को लेकर स्थानीय लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिल रही है। मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण, महिलाएं और जनप्रतिनिधि रामनगर तहसील परिसर पहुंचे और शराब की दुकान खोले जाने के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया।

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने जिलाधिकारी नैनीताल ललित मोहन रायल के नाम तहसीलदार रामनगर मनीषा मरखाना को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में ग्रामीणों ने गांव में प्रस्तावित शराब की दुकान को तत्काल बंद करने या किसी अन्य स्थान पर स्थानांतरित करने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि पिछले करीब दो महीनों से गांव के लोग और जनप्रतिनिधि लगातार प्रशासन से शराब की दुकान न खोलने की मांग कर रहे हैं। इसके बावजूद गांव में पर्दे के पीछे शराब की बिक्री शुरू होने के आरोप लगाए जा रहे हैं, जिससे लोगों में आक्रोश और बढ़ गया है।

महिलाओं ने जताई बच्चों और युवाओं को लेकर चिंता

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं ने कहा कि गांव में शराब की दुकान खुलने से माहौल खराब होगा और इसका सबसे ज्यादा असर युवाओं और बच्चों पर पड़ेगा। महिलाओं का कहना था कि गांव की शांति और सामाजिक व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।

मंदिर में शादी का सपना दिखाया… फिर शुरू किया असली खेल, देवरिया में नाबालिग की कहानी सुन लोग रह गए दंग

ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि स्थानीय लोगों की भावनाओं और पंचायत प्रतिनिधियों की आपत्तियों को नजरअंदाज किया जा रहा है। उनका कहना है कि एक व्यक्ति विशेष को फायदा पहुंचाने के लिए गांव की जनता की राय को दबाया जा रहा है।

ग्राम प्रधान खस्टी देवी ने भी ग्रामीणों के समर्थन में प्रशासन से मांग की कि गांव की जनता की भावनाओं का सम्मान किया जाए। उन्होंने कहा कि यदि जनता की राय को अनदेखा किया जाएगा तो ग्राम पंचायत और क्षेत्र पंचायत जैसे संवैधानिक पदों का महत्व खत्म हो जाएगा।

आंदोलन की चेतावनी, प्रशासन को सौंपा ज्ञापन

ग्रामीणों ने प्रशासन को साफ चेतावनी देते हुए कहा कि यदि ढिकुली गांव में शराब की दुकान खोली गई तो क्षेत्र में बड़ा आंदोलन किया जाएगा। लोगों ने हाईवे जाम, धरना-प्रदर्शन और उग्र आंदोलन की चेतावनी भी दी।

Basti: मोबाइल टावर पर चढ़ी महिला, घंटों चले हाई वोल्टेज ड्रामे ने इलाके में मचाई सनसनी

प्रदर्शन के दौरान ग्रामीणों ने कहा कि प्रशासन को स्थिति बिगड़ने से पहले जनता की मांग पर गंभीरता से विचार करना चाहिए। उनका कहना है कि गांव के लोग किसी भी कीमत पर शराब की दुकान नहीं खुलने देंगे। वहीं तहसीलदार रामनगर मनीषा मरखाना ने बताया कि ग्रामीणों द्वारा दिया गया ज्ञापन प्राप्त कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि ज्ञापन को अग्रिम कार्रवाई के लिए जिलाधिकारी नैनीताल को भेजा जा रहा है।

Location :  Ramnagar

Published :  12 May 2026, 3:55 PM IST