देहरादून के विकासनगर में घरेलू गैस उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए प्रशासन ने विशेष कमेटी का गठन किया है। कमेटी LPG आपूर्ति को सुचारू रखने, कालाबाजारी रोकने और अवैध इस्तेमाल करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करेगी।

विकासनगर में LPG को लेकर प्रशासन सख्त
Dehradun: देहरादून जिले के विकासनगर में घरेलू गैस सिलेंडर को लेकर उपभोक्ताओं की बढ़ती परेशानियों के बीच प्रशासन हरकत में आ गया है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद जिलाधिकारी के निर्देश पर एक विशेष कमेटी का गठन किया गया है। इस कमेटी का उद्देश्य गैस की सप्लाई को सुचारू बनाए रखना, कालाबाजारी पर रोक लगाना और गैरकानूनी तरीके से गैस सिलेंडर का स्टॉक करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करना है।
प्रशासन की ओर से बनाई गई इस कमेटी का नेतृत्व उप जिलाधिकारी कर रहे हैं। कमेटी में विकासनगर तहसील प्रशासन, खाद्य आपूर्ति विभाग और पुलिस प्रशासन के अधिकारियों को शामिल किया गया है। इस टीम का मुख्य काम क्षेत्र में एलपीजी की आपूर्ति पर निगरानी रखना और यह सुनिश्चित करना है कि आम उपभोक्ताओं को समय पर गैस सिलेंडर मिल सके।
कमेटी को यह जिम्मेदारी भी दी गई है कि वह LPG सिलेंडरों की कालाबाजारी और अवैध भंडारण पर नजर रखे। अगर किसी व्यक्ति या व्यापारी द्वारा गैरकानूनी तरीके से गैस सिलेंडर जमा करने या बेचने की शिकायत मिलती है, तो उसके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
इस समस्या के समाधान के लिए तहसील प्रशासन ने सहसपुर और विकासनगर के व्यापार मंडल के प्रतिनिधियों के साथ बैठक भी की। बैठक में व्यापारियों और स्थानीय लोगों को आश्वस्त किया गया कि क्षेत्र में एलपीजी की कोई कमी नहीं है और सप्लाई सामान्य है।
प्रशासन ने बताया कि कई लोगों को ऑनलाइन बुकिंग में दिक्कत आ रही थी, इसलिए अब ऑफलाइन बुकिंग की सुविधा भी शुरू कर दी गई है। इसके साथ ही उपभोक्ताओं को राहत देने के लिए घर-घर LPG सिलेंडर डिलीवरी की व्यवस्था भी लागू की गई है।
उप जिलाधिकारी ने साफ कहा कि घरेलू गैस सिलेंडर का इस्तेमाल कमर्शियल कामों में करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए प्रशासनिक टीमें लगातार चेकिंग अभियान चलाएंगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।