Haldwani Crime: हल्द्वानी की गल्ला मंडी में दिल दहला देने वाला हत्याकांड, अल्मोड़ा युवक की हुई पहचान

हल्द्वानी की नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह हुए दोहरे हत्याकांड ने पूरे शहर को दहशत में डाल दिया। 30 साल के युवक की पहचान हो चुकी है, जबकि युवती की शिनाख्त अभी भी नहीं हो पाई है। दोनों के सिर पत्थर से बुरी तरह कुचल दिए गए, जिससे पुलिस और क्राइम एक्सपर्ट्स कई एंगल से जांच कर रहे हैं।

Updated : 12 February 2026, 2:19 PM IST

हल्द्वानी:  नैनीताल जिले के हल्द्वानी शहर की नवीन गल्ला मंडी में गुरुवार सुबह दोहरी हत्या की वारदात ने पूरे इलाके को डर और हैरानी में डाल दिया। यहां करीब 22 साल की एक युवती और लगभग 30 साल के एक युवक के शव खून से लथपथ स्थिति में पड़े मिले। दोनों की जिस तरह पत्थर से वार कर हत्या की गई, उससे साफ अंदाजा लग रहा है कि घटना के पीछे गहरा गुस्सा, पुरानी रंजिश या किसी तरह का बदला लेने की मंशा हो सकती है। सिर पर किए गए प्रहार इतने भयानक थे कि चेहरों की पहचान करना भी मुश्किल हो गया।

जांच टीम के लिए अहम सुराग 

मौके पर पड़ा बड़ा और भारी पत्थर इस बात का सबूत है कि वारदात बेहद बेरहमी से अंजाम दी गई। पत्थर पर जमे खून के निशान जांच टीम के लिए अहम सुराग बन गए हैं। फॉरेंसिक विशेषज्ञों ने पत्थर को सैंपल के तौर पर सील कर लिया, जबकि आसपास के क्षेत्र से भी सबूत इकट्ठा किए जा रहे हैं।

अब तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं...

मृतक युवक की पहचान अब साफ हो चुकी है। उसकी जेब से मिले आधार कार्ड पर दर्ज नाम और नंबर के आधार पर पुलिस ने पुष्टि की कि वह अल्मोड़ा का रहने वाला शुभम कुमार टम्टा है। उसकी जन्मतिथि 31 दिसंबर 1995 दर्ज है। वहीं दूसरी ओर युवती के बारे में अब तक कोई पुख्ता जानकारी नहीं मिल पाई है। पुलिस उसकी पहचान जुटाने के लिए अलग-अलग माध्यमों का सहारा ले रही है।

शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

डबल मर्डर की खबर मिलते ही हल्द्वानी पुलिस की टीम तुरंत घटनास्थल पर पहुंची। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने भी मौके पर पहुंचकर हालात का जायजा लिया। मंडी परिसर में मौजूद सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि घटना से पहले की गतिविधियों का सुराग मिल सके। इसके साथ ही दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

 युवती की शिनाख्त के प्रयास जारी

एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि सुबह दो मृत शरीर मिलने की सूचना पर पुलिस टीम पहुंची और शुरुआती जांच में स्पष्ट हुआ कि दोनों की हत्या पत्थर से वार कर की गई है। फॉरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड वहां से सबूत इकट्ठा कर रहे हैं। युवक की पहचान हो चुकी है, जबकि युवती की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। मामले को सुलझाने के लिए विशेष टीमें गठित कर दी गई हैं, जो अलग-अलग पहलुओं से जांच कर रही हैं।

 

Location : 
  • Nainital, haldwani

Published : 
  • 12 February 2026, 2:19 PM IST