खेल और प्रेरणा का संगम: CM धामी ने खेला बैडमिंटन, कर्मचारियों को दिया खास संदेश

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने देहरादून में आयोजित 10वीं अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेकर कर्मचारियों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने खेलों के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि यह स्वास्थ्य, अनुशासन और सकारात्मक ऊर्जा बढ़ाने का सर्वोत्तम माध्यम है।

Post Published By: ईशा त्यागी
Updated : 20 December 2025, 4:14 PM IST

Dehradun: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शनिवार को बहुउद्देशीय क्रीड़ा हाल, परेड ग्राउंड, देहरादून में उत्तराखंड सचिवालय बैडमिंटन क्लब की ओर से आयोजित 10वीं अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता में भाग लेकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने स्वयं बैडमिंटन खेलकर कर्मचारियों और अधिकारियों में खेल भावना का संचार किया।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकारी कामकाज की व्यस्तता के बीच कर्मियों द्वारा खेल गतिविधियों को अपनाना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा, “खेल जीवन में अनुशासन लाने के साथ-साथ तनाव को कम करता है और शरीर को स्वस्थ बनाए रखता है। निरोगी रहना मनुष्य की सबसे बड़ी पूंजी है और खेल इस दिशा में सबसे प्रभावी माध्यम हैं।” उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि अन्तर्विभागीय बैडमिंटन प्रतियोगिता भविष्य में भी निरंतर आयोजित होती रहेगी और कर्मचारियों-अधिकारियों में सकारात्मक ऊर्जा का संचार करती रहेगी। इस प्रतियोगिता में राज्य के 42 विभागों के कर्मचारी एवं अधिकारी भाग ले रहे हैं।

Nainital: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 17 विकास योजनाओं का किया शिलान्यास, कही ये बात

उत्तराखंड खेलों में देश के सामने उदाहरण बन रहा

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में उत्तराखंड हर क्षेत्र में देश के सामने एक उदाहरण बनकर उभर रहा है। राज्य परिवर्तन की ओर अग्रसर है और नवाचार, ऐतिहासिक निर्णय और जनहितकारी नीतियों के माध्यम से विकास के नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा है।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का संदेश (सोर्स- एक्स/cm dhami)

उन्होंने कहा कि हाल ही में उत्तराखंड में पहली बार राष्ट्रीय खेलों का सफल आयोजन किया गया, जिससे राज्य में खेल अवसंरचना और सुविधाओं का उल्लेखनीय विस्तार हुआ। मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में खेलों को प्रोत्साहित कर राज्य को ‘खेल भूमि’ के रूप में विकसित करने की दिशा में लगातार प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि युवा प्रतिभाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिल सके।

खिलाड़ियों और अधिकारियों ने सराहा मुख्यमंत्री का उत्साह

बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं का तेजी से विकास हो रहा है। उन्होंने बताया कि खिलाड़ियों को निरंतर प्रोत्साहन और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं, जिससे उत्तराखंड एक उभरती हुई खेल महाशक्ति के रूप में पहचान बना रहा है।

विधायक खजान दास, प्रमुख सचिव आरके सुधांशु, बैडमिंटन क्लब के अध्यक्ष हीरा सिंह बसेड़ा, प्रमोद कुमार, भूपेंद्र बसेड़ा, जेपी मैखुरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और खिलाड़ी इस अवसर पर उपस्थित रहे।

Uttarakhand News: मुख्यमंत्री धामी की अध्यक्षता में कैबिनेट की अहम बैठक, कई बड़े फैसले लिए

खेलों से जुड़ी पहल और भविष्य की योजनाएं

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि खेल केवल स्वास्थ्य और मनोरंजन का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह नेतृत्व, टीम भावना और अनुशासन सिखाने का भी एक साधन हैं। राज्य सरकार लगातार खेल अवसंरचना के विकास पर ध्यान केंद्रित कर रही है। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड में खेल सुविधाओं के विस्तार और खेल प्रतिभाओं को राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय मंच पर लाने के लिए कई योजनाएं बनाई जा रही हैं। उनका मानना है कि खेलों को बढ़ावा देकर न केवल युवाओं की प्रतिभा निखरेगी, बल्कि राज्य की साख भी बढ़ेगी।

Location : 
  • Dehradun

Published : 
  • 20 December 2025, 4:14 PM IST