Uttarakhand के युवा Vlogger ‘गैरसैंण वाला’ का निधन, अभी-अभी बने थे पापा; Gen Z और YouTubers में शोक की लहर

उत्तराखंड की लोक संस्कृति और तमाम घटनाओं को यूट्यूब, सोशल मीडिया समेत अपने व्लॉग के जरिये सामने लाने वाले युवा Vlogger ‘गैरसैंण वाला’ का शनिवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन से क्षेत्र में शोक है।

Post Published By: Suresh Prajapati
Updated : 4 July 2026, 2:59 PM IST

नई दिल्ली/कर्णप्रयाग: उत्तराखंड की लोक संस्कृति के ध्वजवाहक के रूप में तेजी से उभर रहे गैरसैंण के पॉपुलर और युवा Vlogger हिमांशु पंवार ने बेहद कम आयु में दुनिया को अलविदा कह दिया। महज 26 साल की उम्र में हिमांशु पंवार का शनिवार तड़के हृदय गति रुकने से निधन हो गया है। हिमांशु पंवार के निधन से उनके प्रशंसकों, सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर्स, यूट्यूबर्स समेत उनके परिवार और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसरा

जानकारी के मुताबिक शनिवार सुबह लगभग 4 बजे हिमांशु पंवार की अचानक तबीयत खराब हुई। उन्हें तत्काल गैरसैंण अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर से पूरे क्षेत्र में सन्नाटा पसर गया और युवा स्तब्ध हो गये।

हिमांशु अपने पीछे पत्नी, एक बेटी आध्या, पिता महेंद्र पंवार, माता और भाई-बहन को छोड़ गए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

छोटी बड़ी समस्याओं को समय-समय पर उठाते रहते थे

गैरसैंण नगर पंचायत क्षेत्र के डांगीधार निवासी हिमांशु पंवार गैरसैंण और आसपास के क्षेत्रों की तमाम सामाजिक गतिविधियों और घटनाओं को अपने सोशल मीडिया मंचों और यूट्यूब के माध्यम से समय समय पर लोगों के सामने लाते रहते थे। बेहद कम समय में अपने यूट्यूब चैनल और सोशल मीडिया के माध्यम से उन्होंने स्थानीय जनमानस के बीच अपनी लोकप्रिय छवि बनाई। वह क्षेत्र की हर छोटी बड़ी समस्याओं को समय-समय पर उठाते रहते थे।

गरीब मां की बेबसी और Snapchat का वो काला राज… फर्रुखाबाद में 15 साल की मासूम को कल्पेश गैंग ने कैसे जाल में फंसाया?

सांस्कृतिक, सामाजिक गतिविधियों, उत्सवों, आयोजनों के अलावा वे अपने व्लॉग के जरिये तमाम स्थानीय समस्याओं को भी उठाते रहते थे। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली, पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं की दुर्दशा को भी वो मुखरता से सामने लाते थे।

हिमांशु पंवार की लगभग एक साल पहले ही शादी हुई थी और पिछले माह 21 जून को ही वे पिता बने थे। अपनी बिटिया आध्या के साथ तब उन्होंने अपनी फोटो और बाद में वीडियोज भी शेयर किये थे।

हिमांशु पंवार के निधन पर गहरा शोक

सतीश लखेड़ा, दिनेश गौड़, सत्यप्रकाश रतूड़ी, महावीर रावत वीरेन्द्र, शंकर सिंह, रमेश गौड़, विपिन रावत, रमेश बिष्ट जैसे कई नेताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया मंचों पर हिमांशु पंवार के निधन पर गहरा शोक जताया है।

हिमांशु का अंतिम संस्कार कल रविवार को उनके पैतृक घाट पर किया जायेगा।

Location :  Uttarakhand

Published :  4 July 2026, 2:44 PM IST